24 घंटे खुलेंगे माल, रेस्टोरेंट उद्योग व प्रमुख बाजार
मध्य प्रदेश में अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए सरकार 24 घंटे उद्योग, माल, रेस्टोरेंट और प्रमुख बाजारों को खोलने का निर्णय करने जा रही है। इसके लिए श्रम विभाग ने दुकान स्थापना नियम में संशोधन का प्रस्ताव तैयार किया है, जिसे लोकसभा चुनाव की आचार संहिता समाप्त होने के बाद अंतिम निर्णय के लिए कैबिनेट में प्रस्तुत किया जाएगा।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि श्रम कानूनों में संशोधन करके उन्हें सरल किया गया है। कई क्षेत्र ऐसे हैं, जहां 24 घंटे काम होता है। कुछ नियम को सरल करने से न केवल व्यवस्था बेहतर हो सकती है, बल्कि अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। महाराष्ट्र, कर्नाटक, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों में माल और रेस्टोरेंट 24 घंटे खुले रहते हैं।