भोपाल(JANPRACHAR.COM)। लोकसभा चुनाव को लेकर बीजेपी की कल बुधवार को दिल्ली में बैठक होगी। इसमें प्रदेश के 29 लोकसभा सीटों के लिए प्रत्याशी चयन को लेकर फैसला लिए जाने के आसार हैं। इससे पहले आज मप्र में प्रत्याशी चयन को लेकर रायशुमारी की औपचारिकता का निर्वहन किया गया।इसी तारतम्य में बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक भी हुई।
पार्टी सूत्रों के अनुसार,बुधवार को दिल्ली में केन्द्रीय नेताओं के साथ एमपी के नेता बैठक करेंगे।इसमें सीएम डॉ मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, डॉ वीरेन्द्र कुमार आदि के शामिल होने के आसार हैं। मुख्यमंत्री डॉ यादव को आज मंगलवार रात ही दिल्ली जाना था लेकिन खराब मौसम के कारण उन्हें अपनी यात्रा कल तक के लिए टालनी पड़ी। डॉ यादव अब कल दिल्ली जाएंगे।
बिगड़े हुए मौसम के कारण ही केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भोपाल पहुंचकर भी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल नहीं हो सके।यहां उनके विमान का लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। करीब बीस मिनट तक आसमान में उनका विमान घूमता रहा और इसके बाद वह वापस दिल्ली लौट गए। उधर, दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक प्रस्तावित थी। अब संभवत: यह बैठक 29 फरवरी को होगी।
मप्र कार्यसमिति की बैठक
लोकसभा चुनाव को लेकर मंगलवार को भोपाल में प्रदेश भाजपा कार्यालय में दिन भर बैठकों का दौर चला। सुबह से वीसी के जरिए विधायकों, सांसदों की बैठक हुई। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई। शाम को बीजेपी कोर कमेटी और फिर प्रदेश चुनाव समिति की बैठक हुई।
चुनाव समिति की बैठक में 23 लोकसभा सीटों के संभावित दावेदारों के नामों के पैनल पर चर्चा हुई। सोमवार और मंगलवार को 23 लोकसभा सीटों पर बीजेपी ने सत्ता और संगठन के दो-दो नेताओं के ग्रुप बनाकर रायशुमारी कराई है। इस रायशुमारी में सामने आए नामों की मैरिट के आधार पर पैनल तैयार किया गया है। अब बुधवार को दिल्ली में एमपी के बीजेपी नेताओं की केन्द्रीय नेतृत्व के साथ बैठक होगी।
कोर ग्रुप की बैठक में ये रहे मौजूद
बीजेपी ऑफिस में हुई मप्र कोर कमेटी की बैठक में लोकसभा चुनाव प्रभारी डॉ महेन्द्र सिंह, सह प्रभारी सतीश उपाध्याय, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, सीएम डॉ मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, लाल सिंह आर्य, मंत्री राकेश सिंह, नरोत्तम मिश्रा, जयभान सिंह पवैया, ओमप्रकाश धुर्वे मौजूद रहे।
मैदानी फीडबैक भी जुटाया
एमपी बीजेपी को केंद्रीय नेतृत्व की ओर से प्रदेश की 23 लोकसभा सीटों पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से रायशुमारी कर संभावित दावेदारों के नाम खोजने के निर्देश मिले थे। इसके बाद रविवार देर रात वर्चुअल मीटिंग हुई और मप्र के एक मंत्री के साथ बीजेपी के एक प्रदेश पदाधिकारी को एक-एक लोकसभा क्षेत्र में जाकर रायशुमारी करने को कहा गया।
आज सुबह से प्रदेश भाजपा कार्यालय में भोपाल लोकसभा सीट को लेकर रायशुमारी हुई। इस रायशुमारी में खजुराहो सांसद और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का नाम भोपाल से आया है। वीडी शर्मा के अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी, शैलेन्द्र शर्मा, आलोक संजर, मौजूदा सांसद प्रज्ञा ठाकुर, पूर्व विधायक भक्तपाल सिंह राठौड़ के नाम भी कार्यकर्ताओं ने रायशुमारी में दिए हैं।
भोपाल सीट को लेकर जानी राय
भोपाल लोकसभा सीट को लेकर प्रदेश भाजपा कार्यालय में आज रायशुमारी हुई। आज सुबह 10 बजे एमपी के विधायकों और सांसदों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हुई। 11 बजे लाभार्थी संपर्क अभियान को लेकर प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसके बाद शाम 4 बजे कोर कमेटी की बैठक होगी।