कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान पर शिवराज का तंज, धन्य हैं इसके नेता, जो गालियों की भी पावर आफ अटार्नी देते हैं

 

भोपाल। कांग्रेस में टिकट वितरण को लेकर मची खींचतान का मामला सुर्खियों में आने के बाद भाजपा इस मुद्दे पर लगातार हमलावर है। इसी बीच कमल नाथ का पार्टी मंच से मजाकिया लहजे में नया बयान सामने आया कि उन्होंने गालियां खाने की पावर आफ अटार्नी दिग्विजय सिंह को दे रखी है। उनके इसी बयान पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कमल नाथ समेत पूरी कांग्रेस पार्टी को घेरा है। बुधवार सुबह भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए शिवराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस में काम बंटे हुए हैं। वहां गालियां खाने की भी पावर आफ अटार्नी दी गई है। कमलनाथ ने खुद यह खुलासा किया है कि गाली खाने की पावर आफ अटार्नी उन्होंने दिग्विजय सिंह जी को दे रखी है ,जो अभी तक वैलिड है।
अद्भुत है कांग्रेस और धन्य हैं इस पार्टी के नेता…

ये गालियां खाने की ‘पावर ऑफ अटॉर्नी’ भी देते हैं।

ऐसा काम क्यों करते हो कि गाली खानी पड़े

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कमल नाथ से सवाल पूछा कि आप ऐसा काम ही क्यों करते हो कि गाली खाना पड़े। और अगर गाली खाना भी पड़े, तो खुद ना खाएं ,दूसरे को पावर अटार्नी दे दें। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कमल नाथ की पूववर्ती सरकार पर भी तंज कसा और बोले कि ऐसे ही सरकार चलाने की पावर आफ अटार्नी भी दिग्विजय सिंह को ही कमल नाथ जी ने ही दे रखी थी। पहले भी बंटाधार हुआ और बाद में भी बंटाधार ही हो गया।

दिग्विजय सरकार की भी दिलाई याद

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने दिग्विजय सिंह के मुख्यमंत्रित्व काल को भी याद किया और कहा कि दिग्विजय जी ने जब सरकार चलाई, उस समय जो मध्य प्रदेश की दुर्गति हुई, वह जनता को पता है। लेकिन अद्भुत है कांग्रेस और धन्य है इसके नेता, जो गालियां खाने की पावर आफ अटार्नी भी देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *