जनआशीर्वाद : राजनाथ,अमित शाह के बाद गडकरी ने भी की सीएम शिवराज की जमकर तारीफ

20

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा,केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह,केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बाद आज केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग, जहाज़रानी, जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण नितिन गडकरी ने भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जमकर तारीफ की।

खंडवा। खंडवा में BJP की 5वीं जन आशीर्वाद यात्रा को रवाना करने आए केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने CM शिवराज की तारीफों के पुल बांधे। उन्होंने कहा, ‘विकास का पावर स्टेशन अगर मध्यप्रदेश बना है तो इसका श्रेय शिवराज सिंह को जाता है। अभी तो विकास का ट्रेलर है, सही फिल्म शुरू होना बाकी है।’

उन्होंने कहा, ‘मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह के आने से पहले रोड की हालत मुझे याद है। मैं नागपुर से छिंदवाड़ा जा रहा था। रोड पर गड्‌ढे थे। एक कार्यकर्ता बार-बार पलटकर देख रहा था कि उसकी पत्नी स्कूटर पर बैठी है या गिर गई।’ ‎जन आशीर्वाद यात्रा को रवाना करने के बाद केंद्रीय मंत्री ने नगर‎ निगम, बांबे बाजार, घंटाघर होते हुए केवलराम ‎चौराहे तक रोड शो किया। इसके बाद ओंकारेश्वर के लिए रवाना हुए।

गडकरी के साथ पत्नी कंचन गडकरी भी खंडवा आईं। सबसे पहले दोनों श्री दादाजी मंदिर पहुंचे। यहां धूनी माई के कुंड में आहुति दी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, BJP के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा भी साथ रहे।

आज MP विकासशील प्रदेश, शिवराज को बधाई

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि शिवराज और मोदी के नेतृत्व में मेडिकल कॉलेजों की संख्या पांच से 30 हो गई है। हर हाथ को काम, हर खेत को पानी की बात को हाथ में लेकर शिवराज ने कृषि उत्पादन बढ़ाया और 7 बार प्रथम होने का अवॉर्ड लिया। MP में सिंचाई का क्षेत्र बढ़ने से उत्पादन बढ़ा है। आज मध्यप्रदेश बीमारू से विकासशील प्रदेश है। इसके लिए शिवराज सिंह चौहान को बधाई।

MP ग्रीन फ्यूल उत्पादन करने वाला देश का पहला राज्य होगा

कपास सस्ता है, कपड़ा महंगा है, तिलहन सस्ती है, तेल महंगा है…। हमने सपना देखा था कि किसान केवल अन्नदाता नहीं, किसान ऊर्जादाता बनेगा। यह सपना पूरा हो रहा है। 7-6 दिन पहले टोयोटा गाड़ी किसानों के तैयार किए इथेनॉल से चली। टाटा के विस्तारा का हवाई जहाज किसानों के बॉयो फ्यूल पर आया। इस तरह किसान ऊर्जादाता बनेगा। शिवराज ने थर्मल पावर, विंड पावर, सोलर पावर प्लांट तैयार किए। आने वाले दिनों में हाइड्रोजन फ्यूल होगा। मेरे पास दिल्ली में एक गाड़ी है। मप्र ग्रीन फ्यूल उत्पादन करने वाला देश का पहला राज्य होगा। अब तो हमारे यहां पराली से बिटुमिन भी तैयार हो रहा है।
खंडवा रिंग रोड का काम अक्टूबर में शुरू हो जाएगा

खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने खंडवा के लिए रिंग रोड की मांग की थी। विश्वास दिलाता हूं कि खंडवा बायपास से देशगांव से रुधि तक अक्टूबर से काम शुरू हो जाएगा। रुधि से दुल्हार फाटा तक की फिजिबिलिटी रिपोर्ट के आदेश दिए हैं। ये मिलने के बाद इस पर भी गंभीरता से विचार करेंगे।

इंदौर से बुरहानपुर जाने में अब 5 नहीं, 2 घंटे लगेंगे

मैं रोड की बात नहीं करूंगा, क्योंकि रोड कैसी बनी है आप जानते ही हैं। इंदौर से हैदराबाद 18 हजार करोड़ का मार्ग बन रहा है। इंदौर से खंडवा तक 34 किमी मार्ग में दो टनल भी बना रहे हैं। इंदौर से ओमकारेश्वर जाने के लिए अभी 3 घंटे लगते हैं। एक घंटा लगेगा। इंदौर से बुरहानपुर 5 घंटे लगते हैं। अब आप 2 घंटे में जा सकेंगे।
हमारे पैर शुभ, धुआंधार बारिश होगी

शिवराज जी, आज आपने पानी की बात की। हमारे पैर ऐसे शुभ हैं कि आज हम खंडवा में आए हैं और हमारी सभा समाप्त होने के बाद धुआंधार बारिश होने वाली है। अच्छे कार्य को भगवान का भी आशीर्वाद है।
CM बोले, मैं कोई कमलनाथ नहीं कि रोता रहूं

CM शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष के गठबंधन I.N.D.I.A पर कहा, ‘ऐसे लोगों के साथ कांग्रेस ने गठबंधन बनाया, जो कहते हैं कि सनातन धर्म को हम खत्म कर देंगे। अरे, राहुल और सोनिया गांधी ये दुनिया नहीं कर पाई।’ आगे कहा, ‘कांग्रेस ने क्या दिया? कमलनाथ ने तो प्रधानमंत्री आवास योजना के मकान भी वापस लौटा दिए थे। मुख्यमंत्री जन आवास योजना में जिनके नाम छूट गए आचार संहिता से पहले सर्वे कराकर उनके मकान भाजपा सरकार बनवाएगी।’

CM ने कहा, ‘महाकाल महाराज के मंदिर मैं पूजा करने गया था, दादा धूनी वाले से भी बारिश की प्रार्थना है। लेकिन, फसल खराब होती है तो चिंता मत करना, शिवराज सिंह चौहान जिंदा है, संकट के पार निकालकर ले जाऊंगा। मैं कोई कमलनाथ थोड़े ही हूं कि रोता रहूंगा कि मेरे पास पैसे नहीं हैं।’
वीडी शर्मा बोले, नीमच में यात्रा पर कमलनाथ, दिग्विजय और सुरजेवाला के इशारे पर पथराव हुआ

उत्कृष्ट विद्यालय में सभा के दौरान BJP प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, ‘जन आशीर्वाद यात्राओं से कांग्रेस के पेट में दर्द है। नीमच में कांग्रेसी गुंडों ने कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, सुरजेवाला के इशारे पर पथराव किया। सुरजेवाला कहते हैं कि भाजपा को वोट देने वाला राक्षस है। इन्हें जवाब देना है।’

मालवा – निमाड़ की 42 विधानसभाओं को कवर करेगी 5वीं यात्रा

5वीं जन आशीर्वाद यात्रा खंडवा से बुरहानपुर, खरगोन, धार, बड़वानी, आलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर‎ होते हुए देवास जाएगी। इस दौरान करीब 31 बड़ी सभाएं होंगी। इंदौर में यह यात्रा 18 सितंबर को पहुंचेगी। यहां 3 बड़ी सभाएं होंगी। 17 दिन में यात्रा‎ मालवा-निमाड़ की 42 विधानसभा सीट कवर कर 2 हजार किमी‎ चलेगी। मालवा-निमाड़ में 66 विधानसभा सीट हैं। 2013 में भाजपा को यहां की 57 सीट पर जीत मिली थी। 2018 में भाजपा 27 सीट ही जीत सकी थी।
समापन पर PM मोदी आ सकते हैं

BJP पहली बार मध्यप्रदेश में एक साथ 5 जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रही है। 17-18 दिन में ये सभी यात्राएं 10,543 किलोमीटर की दूरी तय कर 210 विधानसभा सीट को कवर करेंगी। 25 सितंबर को भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ के साथ इन यात्राओं का समापन होगा। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भोपाल आ सकते हैं।

कब और कहां से जन आशीर्वाद यात्रा

3 सितंबर (पहली यात्रा): चित्रकूट से शुरू हो चुकी है। यह यात्रा निवाड़ी से होते हुए भोपाल पहुंचेगी। जेपी नड्‌डा ने इसे रवाना किया।
4 सितंबर (दूसरी यात्रा): नीमच से शुरू हुई। रतलाम-मंदसौर की विधानसभाएं कवर करेगी। शुरुआत रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने की।
5 सितंबर (तीसरी यात्रा): मंडला से शुरू हुई। जबलपुर होते हुए भोपाल पहुंचेगी। अमित शाह ने इसकी शुरुआत की।
5 सितंबर (चौथी यात्रा): शुरुआत श्योपुर के बड़ौदा नगर से अमित शाह ने वर्चुअली की।
6 सितंबर (पांचवीं यात्रा): खंडवा से शुरू हुई। बुरहानपुर, खरगोन की भी विधानसभाओं को कवर करेगी।