MP Election23: सितंबर के पहले सप्ताह में भोपाल आएगी ई.सी.की टीम,मैदानी अफसरों की लेगी बैठक

भोपाल। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार सितंबर के पहले सप्ताह में तीनों आयुक्तों की फुल बेंच और 15 से अधिक अफसरों की टीम के साथ भोपाल आएंगे‌। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के सूत्रों के मुताबिक मुख्य चुनाव आयुक्त भोपाल में दो से तीन दिन तक रुक कर बैठकर करेंगे‌ इस दौरान प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर, एसपी, संभाग आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षकों को भी भोपाल बुलाया जाएगा।

मुख्य चुनाव आयुक्त इन अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव संबंधी संपूर्ण गतिविधियों की रिपोर्ट लेंगे। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने आयोग की फुल बेंच की बैठक की तैयारी शुरू कर दी हैं।

4 अक्टूबर को होगा मतदाता सूची का प्रकाशन

चुनाव आयोग की फुल बेंच प्रदेश में चुनावी तैयारी से संतुष्ट होने के बाद अक्टूबर में लगने वाले आचार संहिता को लेकर अंतिम निर्णय लेगी और चुनाव में होने वाले मतदान के चरणों पर विचार किया जाएगा। प्रदेश के मतदाताओं की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 अक्टूबर को होने वाला है। इसलिए आचार संहिता भी इस तिथि के बाद ही लागू होने की संभावना है।
इन बातों पर परखी जाएगी तैयारी
चुनाव आयोग की फुल बेंच कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों से चुनाव करने के दौरान होने वाली दिक्कतों को लेकर चर्चा करेगी। इसमें मतदान केंद्रों की स्थिति, संवेदनशील मतदान केंद्र, मतदान केंद्रों में दूरसंचार व्यवस्था, पहुंच मार्ग की व्यवस्था, सुरक्षा बलों की स्थिति, अंतर राज्य सीमा से लगे मतदान केंद्रों की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था, कानून व्यवस्था की स्थिति, अधिकारियों कर्मचारियों को सौंपे जाने वाले दायित्व के बारे में जानकारी ली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *