कांग्रेस के आरोप पत्र को नकारते हुए कहा तैयारी देख कर कांग्रेस परेशान- CM शिवराज सिंह

14
seeing the preparations, Congress is upset - CM Shivraj Singh

 

भोपाल। प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी रस्साकशी तीव्र होती जा रही है। शुक्रवार को राजधानी में कांग्रेस ने शिवराज सरकार के खिलाफ आरोप-पत्र जारी किया। इस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कांग्रेस पर जवाबी हमला बोला और उसके आरोपों को नकारते हुए इसे उसकी बौखलाहट बताया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस बौखला गई है, इसलिए ऊल-जलूल आरोपों पर उतर आई है। लेकिन हमें जनता का जो प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है, वह अद्भुत और अभूतपूर्व है। जन दर्शन में भीड़ उमड़ रही है। हमारी कई यात्राएं भी प्रारंभ होने वाली हैं। इसी को देखकर कांग्रेस परेशान है।

हमारे सेनापति मैदान में आ गए

चुनावी तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से मैदान में है। युद्ध स्तर पर हमारी तैयारियां चल रही है। कांग्रेस कह रही थी कि एक साल पहले उम्मीदवार घोषित करेंगे, 6 महीने पहले उम्मीदवार घोषित करेंगे, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने तो अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए। हमारे सेनापति अब मैदान में हैं।

जनकल्याणकारी योजनाओं का हो रहा क्रियान्वयन

उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि विकास पर्व चल रहा है। जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन हो रहा है। अलग-अलग गरीब कल्याण और जनकल्याण के कार्यक्रम लगातार किए जा रहे हैं। अभी 22 तारीख को मुख्यमंत्री सीखो और कमाओ योजना का शुभारंभ होने वाला है। लाड़ली बहना जैसी कई योजनाएं हम लोग पहले से ही चला रहे हैं।

हमारी तैयारी देखकर कांग्रेस परेशान

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि हमारी तैयारी देखकर कांग्रेस परेशान है। अभी 20 तारीख को फिर से हमारे नेता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी भोपाल आ रहे हैं। वह सबका रिपोर्ट कार्ड जारी करेंगे। हमने जो काम किया है, उनके बारे में बताएंगे। हमारी विस्तारित कार्यकारिणी की बैठक फिर ग्वालियर में 20 तारीख को होने वाली है।

विजय और विश्वास का संकल्प

विधानसभा के सम्मेलन चल रहे हैं, जन दर्शन चल रहे हैं, अलग-अलग कार्यक्रम चल रहे हैं। हम लोग विजय के संकल्प और विश्वास के साथ मैदान में है। भारतीय जनता पार्टी फिर से भारी बहुमत से 2023 का विधानसभा चुनाव जीत कर सरकार बनाने वाली है। 2024 में लोकसभा की 29 की 29 सीटें भारतीय जनता पार्टी जीतेगी।