भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए बीजेपी ने अपने 39 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। ऐसे पहली बार हुआ है, जब बीजेपी ने चुनाव की घोषणा से पहले उम्मीदवारों का ऐलान किया है। ये सभी वो सीटें हैं जहां वर्तमान में कांग्रेस का कब्जा है। इनमें भी ज्यादातर वो सीटें हैं, जहां बीजेपी लगातार दो या तीन बार से चुनाव हार रही है।
बीजेपी की पहली सूची में 2018 में चुनाव हारे 14 चेहरों को फिर से मौका दिया है। इनमें चार पूर्व मंत्री ललिता यादव, लाल सिंह आर्य, ओम प्रकाश धुर्वे और नाना भाऊ मोहोड़ भी शामिल है।
भोपाल मध्य से ध्रुवनारायण सिंह और भोपाल उत्तर से पूर्व महापौर आलोक शर्मा को टिकट दिया गया है। इंदौर के राऊ से मधु वर्मा को फिर से मैदान में उतारा गया है। जबलपुर पूर्व से अंचल सोनकर पर पार्टी ने भरोसा जताया है।
भिंड के गोहद से पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य को टिकट दिया गया है। इस सीट से सिंधिया समर्थक पूर्व विधायक रणवीर जाटव का टिकट काटा गया है। जबकि पिछोर सीट से प्रीतम लोधी को मैदान में उतारा गया। छतरपुर से पूर्व मंत्री ललिता यादव मौका दिया गया है। सुमावली से सिंधिया समर्थक अदल सिंह कंसाना को टिकट मिला है। पेटलावद से निर्मला भूरिया को उतारा गया है।
















