सिवनी(Janprachar.com)। बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के रोड शो के दौरान अचानक एक ऐसा वाकया हुआ कि जिसने देखा वह भाव-विभोर हो उठा।
दरअसल,मुख्यमंत्री चौहान बुधवार को सिवनी दौरे पर थे। सरकार द्वारा मनाए जा रहे विकास पर्व के दौरान उन्होंने रोड शो किया।इसमें हजारों की संख्या में भीड़ जुटी। शिवराज एक रथ पर सवार हो लोगों का अभिवादन करते हुए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक झोपड़ी पर पड़ी। जिसकी छत पॉलीथिन से ढकी थी।
झोपड़ी का प्रवेश द्वार ऐसा कि कोई किशोर बच्चा भी वहां सीधा न खड़ा हो सके। शिवराज अचानक रथ से उतरे और उस झोपड़ी की ओर बढ़े। यह देख उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मी भी हैरत में पड़ गए। बहरहाल,प्रदेश के मुखिया को झोपड़ी की ओर बढ़ता देख पुलिस कर्मियों ने भीड़ के बीच जैसे-तैसे रास्ता बनाया और मुख्यमंत्री को वहां तक पहुंचने में मदद की।
सूबे के मुखिया को अपने द्वार पर खड़ा देख एक वृद्धा अंदर से बाहर आई और मुख्यमंत्री के गले लग गई। इस दौरान वृद्धा की आंखों से आंसू झर आए जो रुकने का नाम ही नहीं ले रहे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें बार- बार ढाढ़स बंधाया। आंखों से झरते आंसू को पोंछा व उन्हें गले लगाया। राजा और प्रजा के इस मिलन को जिसने देखा वह भाव-विभोर हो उठा।
पीएम आवास बनेगा
मुख्यमंत्री चौहान ने भीड़ में फंसे जिला कलेक्टर को अपने पास बुलाकर वृद्धा के लिए प्रधानमंत्री आवास योजनान्तर्गत पक्का आवास स्वीकृत कर इसे बनवाने व अन्य जरूरी सुविधाएं व योजनाओं का लाभ मुहैया कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर तत्काल अमल भी हुआ। कुछ देर बाद ही आयोजित आम सभा में मुख्यमंत्री ने आदिवासी महिला के नाम पक्का आवास की राशि का चेक भी जारी किया।
नपा कर्मचारियों ने ढंक दी थी झोंपड़ी
सीएम के रोड शो के रास्ते में आ रहा एक कच्चा मकान सुबह ही नगरपालिका के कर्मचारियों ने मैट से ढंक दिया था। यह एक आदिवासी महिला का है। इसके खिलाफ कांग्रेस ने प्रदर्शन भी किया था।
रोड शो के दौरान सीएम शिवराज ने इस मकान के सामने काफिला रुकवाया। वे आदिवासी महिला से मिले। उन्होंने गले लगाकर महिला को पक्का मकान बनवाने का आश्वासन दिया। बोले- अम्मा का पक्का मकान बनवाएंगे।
गड़बड़ करने वाले को मामा ठीक कर देगा
मुख्यमंत्री शिवराज ने आम सभा के मंच से कहा, ‘मप्र में अभी 1 लाख पदों पर सरकारी नौकरियों में भर्ती जारी है। 55000 पदों पर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और पुलिस की भर्ती के आवेदन भर दिए गए हैं। पटवारी के मामले में थोड़ा सा संदेह पैदा हुआ तो मैंने तय किया कि फिलहाल नियुक्तियां नहीं होंगी।
संदेह जब तक समाप्त नहीं करेंगे, कोई नियुक्ति नहीं होगी। जांच होगी। गड़बड़ पाए जाने पर…गड़बड़ करने वाले को मामा ठीक कर देगा। कोई चिंता मत करना लेकिन बताओ…, जितनी भर्तियां मामा कर रहा है कांग्रेस ने कभी की थीं क्या…बेरोजगारी भत्ता देंगे, याद है कि भूल गए… किसी को दिया क्या?’
बारिश की वजह से लेट हो गया रोड शो
सिवनी में तेज बारिश के चलते सीएम शिवराज का रोड शो आधा घंटा लेट करीब 4 बजे शुरू हुआ। सीएम मठ मंदिर होते हुए नपा चौराहे की ओर रवाना हुए।
करीब डेढ़ घंटे के रोड शो के बाद शाम करीब 5:20 बजे वे नपा कार्यालय के सामने कार्यक्रम स्थल पहुंचे। यहां निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन करने के बाद सभा को संबोधित किया।