रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार गंभीर नहीं,बालासोर हादसा दु:खद – डॉ पाठक

22

भोपाल,जनप्रचार।ओडिशा में बालासोर में हुए रेल हादसे में 2 सौ से ज्यादा लोगों की मौत पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री और राज्य सभा सांसद डॉ संदीप पाठक ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने घायलों के भी जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

आप के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डॉ संदीप पाठक ने कहा कि हादसा भीषण है,दुखद पल है इसलिए हादसे पर बोलने से पहले सोचना पड़ा। उन्होंने कहा कि रेल यात्रियों की सेफ्टी और सिक्योरिटी एक बड़ा मुद्दा है और सरकार का इस पर ध्यान न देना और भी गंभीर है। रेलवे कमिटी का मेंबर होने के नाते पिछली मीटिंग में मैंने रेलवे में बचाव और सुरक्षा का मुद्दा उठाया था लेकिन केंद्र सरकार इसको लेकर गंभीर नजर नहीं आती है।

आप के राज्य सभा सांसद संदीप पाठक ने कहा कि रेलवे केवल ब्रांडिंग और प्रमोशन में जुटी है। रेलवे का यात्रियों की सेफ्टी और सिक्योरिटी पर कोई ध्यान नहीं हैं जबकि देश में हर साल कई रेल हादसे होते हैं। केंद्र सरकार और रेलवे हादसों से कोई सबक नहीं लेता है। उन्होंने कहा कि हादसों को रोकने के लिए एंटी कॉलिजन डिवाइस लगाई जानी थी। रेलवे के 65 हजार किलोमीटर के नेटवर्क में से मोदी सरकार अपने 9 साल में सिर्फ 1 हजार 400 किलोमीटर नेटवर्क को ही इस डिवाइस के दायरे में ला पाई यानि केवल 2 फीसदी काम हुआ। इसी रफ्तार से काम चला तो रेलवे के पूरे नेटवर्क को कवर करने में करीब 4 सौ साल से भी ज्यादा केंद्र सरकार को लगेंगे। उन्होंने कहा कि अबतक केवल 65 ट्रेनों में ही एंटी कॉलिजन डिवाइस लगा है। देश में करीब 23 हजार ट्रेनें चल रही हैं और सिर्फ 65 ट्रेनों में डिवाइस लगा है यानि केवल 0.2 फीसदी ट्रेनों में। इससे साबित होता है कि रेलवे में सेफ्टी और सिक्योरिटी सरकार की प्राथमिकता में नहीं हैं।

डॉ संदीप पाठक ने रेलवे ट्रैक अपग्रेडेशन को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रेलवे ट्रैक का अपग्रेडेशन भी बहुत जरूरी है लेकिन केंद्र सरकार 65 हजार किमी के ट्रैक नेटवर्क में सिर्फ 37 हजार किमी को ही कंप्लीट कर पाई है जो कि सिर्फ 50 फीसदी है।

आप के राज्य सभा सांसद डॉ संदीप पाठक ने आगे कहा कि 2014 में सरकार ने एंटी डिरेलमेंट डिटेक्टर डिवाइस लगाने की बात कही थी लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं है। न ही कोई जानकारी है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार दावा करती है कि उन्होंने एडवांस सिगन्लिंग सिस्टम सभी जगह लगा दिए हैं लेकिन सवाल ये है कि अगर उन्होंने एडवांस सिग्नलिंग सिस्टम सभी जगह लगा दिए हैं तो वो काम क्यों नहीं कर रहा है।

आप के राज्यसभा सांसद ने कहा कि इस दुख की घड़ी में सवाल पूछना ठीक नहीं हैं लेकिन सरकार की गलतियां बताना भी जरूरी है क्योंकि ये गंभीर विषय है। लोगों की जिंदगी से जुड़ा मुद्दा है और ऐसे जनहित के मुद्दे आम आदमी पार्टी हमेशा उठाती रहेगी और सरकार की नाकामियों को उजागर करती रहेगी।