केंद्र की योजनाएं अपनाने में मप्र भाजपा शासित राज्यों में अव्वल,PM ने सराहा

34

भोपाल।प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास, किसान सम्मान निधि, स्वामित्व सहित अन्य केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन में मध्य प्रदेश भाजपा शासित राज्यों में आगे है।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में रविवार को दिल्ली में नीति आयोग की मुख्यमंत्री परिषद की बैठक में यह बात सामने आई।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्रीय योजनाओं को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया। साथ ही राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश के प्रदर्शन की सराहना की।

बैठक में केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर चर्चा हुई। प्रदेश में किसान कल्याण, अमृत सरोवर, प्रधानमंत्री स्वनिधि सहित अन्य प्रमुख योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया गया। आंगनबाड़ी केंद्रों को गोद लेने की शिवराज सरकार की योजना की प्रशंसा हुई।

वहीं, राज्य सरकार की ओर से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति, स्वामित्व योजना में ड्रोन से सर्वे, किसान क्रेडिट कार्ड, पशुपालन और मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रयास, प्रधानमंत्री स्वनिधि और अटल पेंशन योजना के क्रियान्वयन को लेकर जानकारी दी गई। इस दौरान बताया गया कि भाजपा शासित राज्यों मध्य प्रदेश इन योजनाओं में आगे है।