मप्र में माफिया सक्रिय,सामने आ रहे हैं नए-नए फर्जीवाड़े: रानी अग्रवाल

18

भोपाल, 25 मई (जनप्रचार)। मप्र के नर्सिग कॉलेज मामले की सीबीआई जांच में नित नए खुलासे को लेकर आम आदमी पार्टी की प्रदेशाध्यक्ष एवं सिंगरौली महापौर रानी अग्रवाल ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह फर्जीवाड़ा बताता है कि नर्सिंग कॉलेजों के नाम पर किस तरह हजारों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था।

एक बयान में श्रीमती अग्रवाल ने कहा,कि नर्सिंग फर्जीवाड़े के चलते अनेक विद्यार्थियों का भविष्य अधर में है। उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा ,कि क्यों मान्यता देने से पहले ठीक ढंग से वेफिकेशन नहीं किया गया। कॉलेज संचालित होने के बाद बीच-बीच में अधिकारियों ने कॉलेज जाकर जांच क्यों नहीं की। उन्होंने कहा कि यह फर्जीवाड़ा संबंधित जिम्मेदारों की मिलीभगत बिना संभव नहीं है।

श्रीमती अग्रवाल ने कहा,कि जांच मेंं पाया गया कि संबंधित कॉलेजों में घोस्ट फैकल्टी काम कर रही थी। एक-एक टीचर और प्रिंसिपल 2 से 3 संस्थाओं में काम कर रहे थे। इससे एक बात साबित होती है कि कॉलेजों में कक्षाएं संचालित ही नहीं हो रही थीं। केवल कागजों में सबकुछ हो रहा था।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में हर तरह का माफिया सक्रिय है। शिक्षा,वन रेत,शराब,ड्रग्स तमाम क्षेत्रों में माफिया का बोलबाला है।ये प्रदेश को खोखला करने का काम कर रहे हैं और इन्हें सत्तासीनों का संरक्षण मिला हुआ है। माफिया के खिलाफ प्रदेश में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती। दिखावे के लिए सरकार छोटी-छोटी कार्रवाई करती है।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में शिक्षा केवल मुनाफे का धंधा बनकर रह गई है। ताबड़तोड़ तरीके से स्कूल, कॉलेज खुल रहे हैं और उन्हें सरकार बिना किसी वेरिफिकेशन के मान्यता दे रही है। फर्जी स्कूलों, कॉलेजों के कारण लाखों युवाओं का भविष्य खतरे में हैं लेकिन सरकार को इससे कोई सरोकार नहीं हैं।

रानी अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार केवल चुनावी एजेंडे में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में व्यापमं की तरह घोटाले जारी हैं। हर योजना में भ्रष्टाचार, हर काम में फर्जीवाड़ा है। प्रदेश में अगर आम आदमी पार्टी की सरकार बनी तो हम भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करेंगे। भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़ा करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।