website : https://www.mpbse.nic.in/
मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। स्कूली शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार ने 12.30 बजे इसे भोपाल में एमपी बोर्ड आफिस के विज्ञान प्रशिक्षण केंद्र स्थित आडिटोरियम में एक कार्यक्रम के दौरान जारी किया है। इसके साथ ही बच्चों की उत्सुकता का इंतजार खत्म हो गया है। जबलपुर से 10वीं कक्षा के महाकौशल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के समीर पटेल ने प्रदेश में 7वी रैंक हासिल की हैं। वहीं 97.6 प्रतिशत अंक हासिल कर वे जिले में पहले स्थान पर रहे। कक्षा 12वीं में जीव विज्ञान विषय पर तानिया कांवेंट उमावि कातरा कालोनी पाटन के राज सिंह पिता हिम्मत सिंह ने प्रदेश की सूचि में चौथा स्थान बनाया है। उन्हें जीव विज्ञान विषय पर 500 में से 482 अंक प्राप्त हुए हैं। इसके साथ ही विज्ञान संकाय में वे जबलपुर जिले में पहले स्थान पर हैं। जबलपुर संभाग में 288773 विद्यार्थी इन परीक्षाओं में शामिल हुए थे। जबलपुर में शासकीय एमएलबी स्कूल में मूल्यांकन हुआ था। यहां दसवीं के 27326 विद्यार्थी शामिल हुए थे। वहीं बारहवीं में 22703 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी।
अन्य विषयों में ये भी हैं अव्वलः
कक्षा 12वीं में प्रदेश की प्रवीण्य सूची में जबलपुर से कामर्स संकाय से देव कुमार चौरसिया को प्रदेश भर में 10वीं रैंक मिली है। उन्होंने 470 अंकों के साथ प्रदेश में 10वां, वहीं जबलपुर जिले में कामर्स संकाय से पहला स्थान हासिल किया है।
जबलपुर के करीब 50 हजार विद्यार्थियों ने दी थी परीक्षा
परीक्षा परिणाम को लेकर जबलपुर जिले के करीब 50 हजार विद्यार्थियों के मन में उथल-पुथल मची हुई थी। सभी विद्यार्थी अपना परीक्षा परिणाम जानने के लिए उत्सुक हैं। लेकिन सर्वर डाउन होने के कारण बेवसाइड खुलने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। गौरतलब हैं इस वर्ष 10वीं और 12वीं की परीक्षा में जबलपुर जिले के 10वीं के 27 हजार 326 विद्यार्थी और 12वीं के 22 हजार 703 विद्यार्थियों ने परीक्षाएं दी थी। हालांकि पिछले वर्ष जबलपुर कि प्रदेश में ओवर ऑल रैकिंग अच्छी नहीं रही थी। जबलपुर जिले ने प्रदेश भर में 40 वां स्थान हासिल किया था। जिले ने हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणामों में 41वी रैंक हासिल की है।
10वीं बोर्ड की मैरिट लिस्ट में इंदौर के मृदुल और प्राची पहले दो स्थानों पर
10वीं-12वीं एमपी बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट दोपहर 12.30 बजे भोपाल में घोषित कर दिए गए। रिजल्ट जानने की उत्सुकता इतनी थी कि दोपहर करीब 12.15 बजे ही एमपी बोर्ड की साइट www.mpresults.nic.in क्रैश हो गई थी। इससे परिणाम देखने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार रिजल्ट घोषित करने के लिए पहुंचे।
10वीं की मैरिट लिस्ट में पहले दो स्थानों पर इंदौर के विद्यार्थियों में बाजी मारी। इंदौर का मृदुल कुमार पाल ने 99 प्रतिशत के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया है। वहीं शहर की ही प्राची गड़वाल दूसरे स्थान पर रहीं। दोनों ही पिंक फ्लावर स्कूल के हैं। मृदुल ने 500 में से 494 अंक हासिल किए, वहीं प्राची ने 500 में से 493 अंक हासिल किए।
दसवीं में 254 विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में स्थान बनाया है। प्रदेश में कुल मिलाकर इंदौर का परिणाम अच्छा रहा है। शासकीय स्कूलों में 68.04 प्रतिशत जबकि अशासकीय स्कूलों का 65.93 प्रतिशत बच्चे उत्तीर्ण हुए हैं।
इस वर्ष 82335 विद्यार्थियों को पूरक की पात्रता मिली है। पूरक परीक्षा 18 जुलाई से 24 जुलाई के बीच आयोजित की जाएगी। कुल 312329 परीक्षार्थी फेल हुए हैं। उनके पास रूक जाना नहीं योजना के अंतर्गत एक बार फिर मौका मिलेगा।
















