पाली। उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली में सालाना उर्स मुबारक के दो दिवसीय आयोजन का आगाज आगामी 18मई को होगा। पाली में सालाना उर्स मुबारक का यह 59 वां वर्ष है। इस दौरानदेश के जाने माने फिल्म प्लेबैक सिंगर्स एवं कव्वाल के बीच शानदार मुकाबला होगा।
यह जानकारी उर्स मुबारक आयोजन समिति के अध्यक्ष जितेन्द्र जगवानी पिल्लू भाई एवं वक्फ रजि.दरगाह मदरसा ईदगाह,इमामबाड़ा पाली के सदर राशिद हुसैन मामू ने दी। पदाधिकारी द्वय ने कहा कि बिरसिंहपुर पाली में प्रति वर्ष हजरत सैय्यद हाजी व गाजी मोहम्मद जमा शाह रहमतुल्ला अलेह का उर्स आयोजित किया जाता है।
इसी क्रम में 59 वां उर्स मुबारक का आयोजन 18 व 19 मई को किया गया है। उर्स के दौरान होने वाले विभिन्न धार्मिक आयोजनों के अलावा देश के मशहूर कव्वाल एवं फिल्म प्लेबैक सिंगर्स के बीच कव्वाली मुकाबला उर्स मुबारक का मुख्य आकर्षण होगा।
श्री हुसैन ने कहा कि कव्वाली मुकाबले दोनों ही दिन रात्रि नौ बजे शुरू होंगे। पहले दिन का मुकाबला फिल्म प्ले बैंक सिंगर व कव्वाल एंड पार्टी दिल्ली के जीशान फैजान साबरी व अमरावती,महाराष्ट्र के खानकाही कव्वाल निसार खादिम चिश्ती के बीच होगा।
अगले दिन रात 9 बजे ही जनाब चिश्ती का मुकाबला फिल्म प्ले बैंक सिंगर व कव्वाल एंड पार्टी मुंबई के जनाब जुनैद सुलतानी के बीच रहेगा। पदाधिकारी द्वय ने लोगों से उर्स मुबारक के दौरान होने वाले उक्त सांस्कृतिक कार्यक्रमों को आनंद लाभ लेने की अपील की है।