MP:दो दिवसीय दौरे पर आज सपरिवार ओंकारेश्वर जाएंगे मुख्यमंत्री शिवराज

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान परिवार सहित 4 मई को दो दिन के लिए ओंकारेश्वर प्रवास पर जाएंगे। पर्यटन केंद्र सैलानी में रात्रि विश्राम करेंगे।

मुख्यमंत्री चौहान अगले दिन 5 मई को ओंकार पर्वत पर प्रस्तावित आदि गुरु शंकराचार्य जी की प्रतिमा स्थापना और ओंकारेश्वर बांध के बैकवॉटर में स्थापित किए जा रहे सोलर फ्लोटिंग प्लांट की प्रगति की समीक्षा करेंगे। हलांकि सीएम के प्रस्तावित कार्यक्रम में कुछ बदलाव होने की संभावना भी है।

इधर, मुख्यमंत्री चौहान के प्रस्तावित ओंकारेश्वर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। कलेक्टर अनूप कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री के दो दिन तक पर्यटन केंद्र सैलानी के कॉटेज और एनएचडीसी रेस्ट हाउस सहित कांफ्रेंस हॉल को आरक्षित कराया है।

सोमवार एवं मंगलवार को कलेक्टर अनूप कुमार सिंह ने ओंकारेश्वर में व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

गौरतलब है उज्जैन में महाकाल लोक के लोकार्पण बाद अब खंडवा जिले के ओंकारेश्वर में आदि गुरु शंकराचार्य की सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यहां 108 फीट की मूर्ति की स्थापना को लेकर काम चल रहा है।

आदि शंकराचार्य के बाल स्वरूप की मूर्ति लगेगी :

ओंकारेश्वर में आदि शंकराचार्य के बाल स्वरूप की मूर्ति लगेगी। प्रदेश की 23 हजार पंचायतों से जुटाए कॉपर, टिन, जिंक व अन्य धातुओं के मिश्रण से यह मूर्ति बनेगी।

100 टन की यह मूर्ति 50 फीट ऊंचे भव्य और कलात्मक आधार पर स्थापित की जाएगी। मूर्ति का मुख दक्षिण दिशा में यानी ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग दीक्षा स्थली और मां नर्मदा नदी की ओर रहेगा।

चुनाव से पहले होगा शंकराचार्य प्रतिमा का अनावरण

ओंकार पर्वत पर लगभग 28 हेक्टेयर जमीन में बन रहे एकात्मता का वैश्विक केंद्र का लोकार्पण अगस्त या सितंबर तक करने की योजना है। ताकि विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखा जा सके।

मूर्ति के अलावा इसके विशाल परिसर को नॉलेज सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है। श्रद्धालु लिफ्ट और सीढिय़ों (दोनों माध्यम ) से दर्शन के लिए आदि गुरु के सम्मुख पहुंच सकेंगे।

ओंकार पर्वत पर मूर्ति लगाने के लिए समतलीकरण के साथ बेस बनाने काम चल रहा है। इस पूरे प्रोजेक्ट के लिए दो हजार करोड़ रुपए के खर्च की स्वीकृति प्रदेश सरकार ने दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *