पाली/भोपाल। उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली स्थित संजय गांधी ताप विद्युत गृह द्वारा संचालित 37 साल पुराने विद्युत् मंडल हायर सेकेंडरी विद्यालय की सीनियरटी पर खतरा मंडरा रहा है। इस विद्यालय को जल्दी ही नए स्वरूप में शुरू करने की तैयारी है। फिलहाल स्कूल को बंद कर दिया गया है. इसके चलते संस्थान के मौजूदा विद्यार्थी असमंजस की स्थिति में व शिक्षक सड़क पर हैं।
हमारे पाली संवाददाता विक्की दाहिया के अनुसार उक्त विद्यालय वर्ष 1986 से संचालित किया जा रहा है। इसमें मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल व सीबीएसई दोनों ही पाठ्यक्रम अंतर्गत शिक्षा प्रदान की जाती रही है। राज्य शासन से अनुदान प्राप्त इस शिक्षण संस्थान में गत फरवरी तक 482 बच्चे अध्ययनरत रहे हैं। इनमें 132 बच्चे आरटीई अंतर्गत प्रवेश प्राप्त हैं।
शाला की शिक्षण समिति ने गत मार्च में स्कूल को बंद करने का निर्णय लिया। साथ ही यहां पदस्थ 30 शिक्षकों को बाहर कर दिया गया। यही नहीं,उन्हें शिक्षण परिसर के आवंटित क्वार्टर भी खाली करने को कहा गया है। इसके चलते,शिक्षक आंदोलन की राह परहैं और लगातार प्रदर्शन कर अपने लंबित वेतन भुगतान व शाला का पुनः चालू करने की मांग कर रहे हैं।
यही नहीं,बीते करीब एक साल का भुगतान नहीं होने पर उन्होंने उच्च न्यायालय जबलपुर का दरवाजा भी खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर इनका करीब 32 प्रतिशत भुगतान कर दिया गया है।शेष वेतन एवं स्कूल चालू करने की मांग को लेकर आंदोलनकारी शिक्षकों की ओर से पुन: उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई है। इस मामले की सुनवाई आगामी 12 मई को होना बताई गई है।
इधर,शिक्षण समिति व आंदोलनकारी शिक्षकों के बीच जारी इस खींचतान का असर शाला में अध्ययनरत रहे बच्चों पर पड़ रहा है। उनकी पढ़ाई तो प्रभावित हो ही रही है।वे अपने भविष्य को लेकर भी आशंकित हैं।
पुन: नए स्वरूप में शुरू होगा स्कूल
शिक्षण समिति एवं मप्र पावर जनरेटिंग कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों ने कहा कि स्कूल बंद नहीं होगा,बल्कि इसे नए स्वरूप में जल्दी ही शुरू किया जाएगा। शाला भवन और बच्चे वहीं होंगे।बच्चों के भविष्य बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा। इश्यू सिर्फ पुराने टीचर्स का है। विभागीय स्तर पर इनका निराकरण किया जा रहा है।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
… शाला आगे भी संचालित होती रहेगी,बल्कि और बेहतर तरीके से संचालित होगी। कुछ शिक्षक हैं जो अपेक्षित परिणाम देने की जगह सिर्फ वेतन को लेकर ही कार्य करते रहे हैं। उनके मामले का भी जल्द ही निराकरण किया जाएगा। संजय दुबे, प्रमुख सचिव ,म प्र ऊर्जा विभाग
…. शाला नए स्वरूप में जल्दी ही उसी परिसर में शुरू की जाएगी। इसकी प्रक्रिया जारी है। भवन व बच्चे भी वही होंगे। वी.के. कैलाशिया ईडी एमपीपीजीसीएल,एसजीटीपी पाली
.. स्कूल को फिलहाल कुछ दिनों के लिए बंद किया गया है। नया स्कूल जल्दी ही शुरू होगा। इसकी विस्तृत जानकारी कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी ही बता सकेंगे।
पंकज जैन,सचिव शिक्षा समिति विद्युत मंडल हा.से.स्कूल पाली
.. शाला के तीस शिक्षकों को फरवरी 2022 से मार्च 2023 तक वेतन नहीं दिया गया। हाईकोर्ट के आदेश के बाद 32 प्रतिशत भुगतान किया गया। इस पर गत मार्च में अचानक शाला को बंद कर शिक्षकों को सेवा से पृथक करने के साथ ही उन्हें क्वार्टर खाली करने को भी कहा जा रहा है। हम इस अन्याय के खिलाफ एक बार फिर कोर्ट में दस्तक दे रहे हैं। इस मामले की अगली सुनवाई 12 मई को है। दिनेश प्रसाद तिवारी,पूर्व प्राचार्य,प्रबंधक ,विद्युत मंडल हा.से.स्कूल पाली