भोपाल। प्रदेश कांग्रेस कर्नाटक चुनाव के बाद अपना चुनावी वचन पत्र जारी करेगी। यह निर्णय सोमवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की अध्यक्षता में उनके निवास पर आयोजित वचन पत्र समिति की बैठक में लिया गया। वचन पत्र जारी करने से पहले समिति की एक और बैठक होगी।
यह जानकारी पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोत ने सोमवार को मीडिया को दी। उन्होेंने कहा कि
समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये हैं। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष द्वारा की गई घोषणाओं के अनुसार 500 रू. में गैस सिलेण्डर, महिलाओं को 1500 रू.प्रतिमाह दिए जाने,पुरानी पेंशन की बहाली,कर्ज माफी योजना की निरंतरता,पूर्व की तरह बिजली बिलों में कमी जैसे प्रस्ताव वचन पत्र में शामिल होंगे।
वहीं स्थानीय मुद्दों को दृष्टिगत रखते हुये पार्टी हर जिले के लिए अलग-अलग वचन पत्र तैयार करेगी।उन्होंने कहा कि वचन पत्र ग्रामीण क्षेत्रों के लिए ग्रामीण स्तर पर और शहरी क्षेत्र के लिए शहरी स्तर पर आवश्यकता अनुरूप अलग-अलग योजनाएं बनायी जायेंगी।भनोत ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में यह वचन पत्र गेमचेंजर साबित होगा।माना जा रहा है कि पार्टी अपना चुनावी वचन पत्र कर्नाटक चुनाव परिणाम आने के बाद ही जारी करेगी।
नेताओं को मिलेगी क्षेत्रवार जिम्मेदारी
सूत्रों के अनुसार बैठक में यह भी तय हुआ कि पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं को क्षेत्रवार जिम्मेदारी दी जाएंगी। यहां चुनाव अभियान के संचालन के साथ पार्टी को जिताने की जिम्मेदारी भी इन्हीं नेताओं की रहेगी। वहीँ पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पूर्व की तरह समन्वय का काम देखेंगे। सभी नेताओं को दौरे बढ़ाने, कार्यकर्ताओं से जीवंत संपर्क रखने और भाजपा सरकार की असफलताओं को जनता के बीच प्रभावी तरीके से रखने के लिए कहा गया।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, मुकेश नायक, एन.पी. प्रजापति, बाला बच्चन, अजीता वाजपेयी पाण्डेय, पारस सखलेचा, वचन पत्र समिति के सदस्य बी.के. बाथम, मीडिया उपाध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता,सैयद जाफर आदि उपस्थित रहे।
दिग्विजय बुधवार से मालवा दौरे पर इधर,पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के जिलों के दौरे जारी हैं।
बुधवार से वह सीहोर, शाजापुर,आगर मालवा व उज्जैन जिले की 6 विधानसभाओं के दौरे पर रहेंगे।वे 19 अप्रैल को सीहोर जिले की सीहोर व आष्टा विधानसभा, 20 अप्रैल को शाजापुर जिले की शुजालपुर विधानसभा, आगर मालवा जिले की सुसनेर विधानसभा और 21 अप्रैल को उज्जैन जिले की उज्जैन उत्तर व उज्जैन दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस के मंडल सेक्टर अध्यक्षों की बैठकों में भाग लेंगे।
श्री सिंह अब तक भोपाल, ग्वालियर,होशंगाबाद,रीवा व भोपाल संभागों की 23 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर चुके है।ये वे सीटें हैं जहां कांग्रेस के प्रत्याशियों ने 3 से 4 बार लगातार हार का सामना किया है।प्रदेश कांग्रेस का दावा है कि दिग्विजय सिंह की यह पहल कांग्रेस जनों में जोश के साथ चुनाव लड़ने की नई ऊर्जा प्रदान कर रही है।