विदिशा। दादर से चलकर गोरखपुर कि ओर जाने वाली ट्रेन 01027 दादर गोरखपुर एक्सप्रेस के साथ आज एक बड़ा हादसा टल गया। विदिशा के समीप बरेठ स्टेशन से गुजरने के दौरान इसके इंजन के ऊपर हिस्से में आग लग गई,लेकिन चालक की सूझबूझ से हादसा टल गया। घटना आज सुबह करीब साढ़े नौ बजे की है।
प्राप्त जानकारी अनुसार,इंजन से धुआं उठता देख चालक ने तुरंत ट्रेन को रोका और अपने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इधर ट्रेन के इंजन में अचानक आग लगने की खबर से यात्रियों में अफरातफरी मच गई।
बरेठ स्टेशन मास्टर दीपक शाक्य द्वारा तत्काल अधिकारियों को सूचना दी गई। जिसके बाद करीब सवा 11 बजे भोपाल से दूसरा इंजन पहुंचा, तब तक यह ट्रेन बरेठ में रुकी रही।
गनीमत यह रही कि इसमें किसी भी यात्रियों और ट्रेन के चालकों को कोई भी नुकसान नहीं पहुंचा, समय रहते ही ट्रेन को रोक लिया गया था। ट्रेन करीब दो घंटे रुकी रही। इस दौरान यात्रियों को पानी की जुगत में इधर.उधर भटकते देखा गया।