खंडवा: पुलिस पर पथराव करने वाले निर्दलीय पार्षद पर लगी रासुका, 15 के खिलाफ केस दर्ज

15

खंडवा। थाने पर पथराव कर शहर में सांप्रदायिक माहौल बनाने का प्रयास करने वाले कहारवाड़ी वार्ड के पार्षद अशफाक सिगड़ पर रासुका लगा दी गई है। पार्षद पर तीन साल में दर्जन भर धाराओं में केस दर्ज है। इसमें हत्या का प्रयास, हत्या और बलवा करने का आरोप है।

रविवार देर रात हुई पथराव की घटना के बाद से शहर में पुलिस अलर्ट है। शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है। इसके साथ संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस अधिकारी भ्रमण कर नजर रख रहे हैं। पथराव के आरोपित पार्षद अशफाक और उसके साथी उमेद को सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने शहरवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

आनंदनगर क्षेत्र के टी-बार में हिंदू समाज के दो युवकों के साथ जन्मदिन की पार्टी मना रही किशोरी को देखकर मुस्लिम समुदाय के युवक बिफर गए थे। किशोरी के साथ मारपीट करने के बाद वे दोनों युवकों का अपहरण कर खानशाहवली कालोनी में दरगाह के पास ले आए थे।

यहां उनके साथ मारपीट की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों की जान बचाई थी। इस मामले में मुस्लिम समुदाय की किशोरी और हिंदू समाज के युवकों की शिकायत पर मुस्लिम समाज के 16 से अधिक युवकों पर केस दर्ज हुआ था। इस कार्रवाई से नाराज होकर रविवार को देर रात मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मोघट थाने का घेराव किया था। किशोरी को कहारवाड़ी वार्ड का पार्षद अशफाक सिगड़ लेकर पहुंचा था।