केजरीवाल से पूछताछ ​के खिलाफ आप ने किया शहडोल में प्रदर्शन

20

शहडोल। आम आदमी पार्टी केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आज शहडोल जिला मुख्यालय के जय स्तंभ चौक में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान इन्होंने केंद्र सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि केंद्र सरकार द्वारा आम आदमी पार्टी के नेताओं के ऊपर झूठे आरोप के तहत केंद्रीय एजेंसियों से दबाव डलवा कर परेशान किया जा रहा है। पहले दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को जेल में डाला लेकिन आज तक कोई आरोप सिद्ध नहीं हो पाया। उसके बाद दिल्ली के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया को जेल में डाला।

उनके खिलाफ भी आज तक कोई आरोप सिद्ध नहीं हो पाया। अब निशाने पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकप्रिय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को परेशान करने के लिए केंद्र की सरकार आमादा है ।

सरकार को यह बात ध्यान में रखना चाहिए की सत्ता हर किसी के पास हमेशा नहीं रहती है। इसलिए जनता ने देश.प्रदेश और क्षेत्र के विकास के लिए आपको जिता कर संसद और विधानसभा में बैठाया है । ना कि सत्ता का दुरुपयोग करके विपक्ष के नेताओं को परेशान करने के लिए ।

केंद्र सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से अपने पद पर रहकर कार्य करना चाहिए ना कि अपनी ताकत का इस्तेमाल आम आदमी पार्टी के नेताओं को परेशान करने में लगाना चाहिए ।
ये रहे मौजूद

प्रदर्शन के दौरान पार्टी के लोकसभा सचिव संतोष चौबे,जिला अध्यक्ष अनूप शर्मा के अलावा भूपेंद्र श्रीवास्तव वीरेंद्र पटेल राजीव पटेल विपुल पांडे विवेक भारती मुकेश यादव नरेंद्र सिंह गोविंद सिंह कंवर अल्फा ना बेगम सोहन गुप्ता नागेंद्र सिंह सहित बडी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे। इन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

भोपाल में रामधुन गाकर जताया विरोध

इधर, भोपाल में भी आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को CBI द्वारा पूछताछ के लिए बुलाए जाने का मध्य प्रदेश में आम आदमी पार्टी ने विरोध किया। भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार जांच एजेंसियों का बेजा इस्तेमाल कर रही है।

आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने रामधुन गाकर केंद्र सरकार को सद्बुद्धि की कामना की। आप पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का कहना है कि केंद्र सरकार बेहतर काम करने वाली सरकार और अरविंद केजरीवाल को परेशान कर रही है।

दिल्ली में हो रहे विकास कामों से भाजपा घबराई हुई है। भाजपा शासित राज्य विकास के मामले में दिल्ली की बराबरी नहीं कर पा रहे हैं और यही बात भाजपा और केंद्र सरकार को परेशान कर रही है।

आम आदमी पार्टी प्रवक्ता रमाकांत पटेल ने कहा कि विकास के मामले में बराबरी न कर पाने वाली भाजपा अब केवल आम आदमी पार्टी और उसके नेताओं को परेशान करने में जुटी है लेकिन उसके मंसूबे पूरे नहीं होंगे। आम आदमी पार्टी ED और CBI से डरने वाली नहीं हैं।जनता सब समझ रही है और जनता भाजपा सरकार को इसका जवाब देगी।

भोपाल के अलावा ग्वालियर,इंदौर, रीवा,सागर समेत सभी जिलों में भी आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।