शिवराज ने दी बड़ी सौगात : डा. आंबेडकर की शिक्षाभूमि लंदन सहित सभी 5 तीर्थ मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में शामिल ,आदेश जारी

20

भोपाल। देश आज संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की 132वीं जयंती मना रहा है। इस अवसर पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बाबा साहब के अनुयायियों को एक बड़ी सौगात दी।
बाबा साहब से जुड़े पंचतीर्थों जन्मभूमि महू, शिक्षाभूमि लंदन, दीक्षाभूमि नागपुर, महापरिनिर्वाण भूमि दिल्ली और चैत्यभूमि, मुंबई को प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जोड़ दिया गया है। इस संदर्भ में प्रदेश शासन के धर्मस्व विभाग द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं।

शुक्रवार को भोपाल में अपने नियमित पौधारोपण कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री चौहान ने उक्ताशय की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डॉ आंबेडकर से जुड़े पंचतीर्थ मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना में शामिल कर लिए गए हैं। ये तीर्थ स्थल हैं.डॉ आंबेडकर की जन्म भूमि महू, शिक्षा भूमि लंदन, दीक्षाभूमि नागपुर, महापरिनिर्वाण भूमि दिल्ली और चैत्य भूमि जहां अंतिम संस्कार हुआ मुंबई।

पंचतीर्थ में से एक तीर्थ है लंदन, उसे भी इस योजना के तहत जोड़ रहे हैं। सीएम शिवराज ने कहा कि मुझे यह कहते हुए गर्व है कि महू में अगर बाबा साहब का स्मारक बनाने का सौभाग्य मिला, तो हमें मिला।

संत रविदास मंदिर वाराणसी भी शामिल

सीएम शिवराज ने  बताया कि डा. आंबेडकर की जन्मस्थली महू आने वाले श्रद्धालुओं के लिए धर्मशाला निर्माण हेतु आवश्यक जमीन पर सेना की एनओसी मिल गई है। साढ़े तीन एकड़ जमीन को बाबा साहब मेमोरियल समिति को लीज पर देकर श्रद्धालुओं के रुकने, ठहरने समेत अन्य सभी आवश्यकताएं पूरी की जाएंगी। इसके अलावा वाराणसी स्थित संत रविदास मंदिर को भी मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में जोड़ा गया है।

गौरतलब है कि एक साल पहले आज ही के दिन सीएम शिवराज ने महू में आंबेडकर जयंती के कार्यक्रम के मंच से इस आशय की घोषणा की थी, जिस पर अब अमल हो रहा है।