रामनवमी पर इंदौर में हादसा : पूजा करते 25 लोग 40 फ़ीट गहरी बावड़ी में गिरे, 5 की मौत

इंदौर। इंदौर के बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में रामनवमी पर बड़ा हादसा हो गया। बावड़ी की छत धंसने से पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक बच्चा भी है। 40 फीट गहरी बावड़ी में करीब 25 लोग गिर गए थे। पुलिस ने रस्सियों से 18 लोगों को बाहर निकाल लिया। इनमें दो बच्चियां और सात महिलाएं हैं। कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका है। बावड़ी में चार से पांच फीट पानी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सपना संगीता रोड स्थित स्नेह नगर में हवन के दौरान हादसा हुआ। 25 से ज्यादा लोग बावड़ी की छत पर बैठे थे। तभी ज्यादा वजन होने की वजह से उसकी छत टूट गई और लोग नीचे गिर गए। चंद्रप्रकाश गोयल ने बताया कि गिरने वालों में बच्चे और महिलाएं भी हैं। यह मंदिर करीब 60 साल पुराना है। कन्या पूजन का कार्यक्रम था, इसलिए मंदिर में भीड़ ज्यादा थी।

मौके पर मौजूद भाजपा विधायक मालिनी गौड़ के पुत्र एकलव्य ने मीडिया को बताया कि प्रशासन ने उन्हें पांच लोगों की मौत की जानकारी दी है। इनमें से दो की पहचान हो गई है।

पीएम ने सीएम को फोन कर जाने हालात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि इंदौर में हुए हादसे से बेहद आहत हूं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात कर स्थिति की जानकारी ली। राज्य सरकार बचाव और राहत कार्य में तेजी से आगे बढ़ रही है. इससे पहले घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तत्काल इंदौर कमिश्नर ,कलेक्टर से घटना की जानकारी ली व राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए।


हवन के कारण मंदिर में भीड़ थी

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मंदिर में हवन चल रहा था। इस दौरान बावड़ी वाले हिस्से पर काफी भीड़ हो गई। इनमें अधिकांश महिलाएं और बच्चे थे, जो आगे हो रहे हवन को देखने के लिए बावड़ी वाले हिस्से पर बैठे थे।
दीवार धंसकने से छत गिरने की आशंका
बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर में निर्माण और खुदाई का काम चल रहा है। मंदिर परिसर में निर्माण कार्य के चलते भी कुएं की दीवार धंसकने से फर्श गिरने की आशंका है। इसके अलावा कुछ रहवासियों ने चूहों के कारण कुआं खोखला होने की बात भी कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *