‘शक्ति’ की भक्ति में डूबी उमरिया,मां बिरासनी देवी के दरबार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

35

” बिरसिंहपुर पाली स्थित मां बिरासिनी  शक्तिपीठ देशभर में सनातनी श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। मान्यता है कि जो यहां आता है, वह खाली हाथ नहीं जाता।इसके चलते चैत्र नवरात्र एवं शारदीय नवरात्र के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता का आशीष लेने पहुंचते हैं।”

पाली। चैत्र नवरात्र का पर्व उमरिया जिले में भी पूरी श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। मां की आराधना में घर-घर में पाठ एवं पूजा-अर्चना जारी है। वहीँ , मां दुर्गा के मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।

इसके चलते मंदिर में माता के दर्शन एवं पूजा-अर्चना करने वालों का तांता लगा रहता है।

विशेषकर चैत्र नवरात्र एवं शारदीय नवरात्र के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता का आशीष लेने पहुंचते हैं।

जिला कलेक्टर कर चुके हैं अवलोकन
नवरात्र के दौरान मंदिर में उमड़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए जिला एवं पुलिस प्रशासन ने दो दिन पहले ही यहां के सुरक्षा इंतजाम की खबर ली। जिला कलेक्टर के डी त्रिपाठी सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मंदिर पहुंचकर व्यवस्था का अवलोकन किया। साथ ही मंदिर समिति पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश व सुझाव भी दिए। मंदिर समिति की ओर से नवरात्रि शुरू होने से पहले ही मंदिर की आवश्यक साज-सज्जा सहित घी ,तेल ,जवारा व कलश स्थापना संबंधी तैयारी की गई।

एसपी सिन्हा ने सपत्नीक की पूजा-अर्चना

चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन जिला पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार सिन्हा ने सपत्नीक मां बिरासिनी शक्तिपीठ पहुंचकर पूजा-अर्चना की एवं माता को चुनरी भी चढ़ाई ।

उन्होंने सुरक्षा के इंतजाम भी देखें एवं स्थानीय पुलिस अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।इस दौरान मंदिर समिति की ओर से पुलिस अधीक्षक श्री सिन्हा को चुनरी ओढ़ाकर उनका सम्मान भी किया गया।

पहले दिन से ही मंदिर में बढ़ी भीड़
इधर,चैत्र नवरात्र के पहले दिन से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई है। दरअसल मां बिरासिनी शक्तिपीठ में दूर-दूर से लोग आते हैं  और दर्शन करते हैं।आसपास के क्षेत्र सहित पूरे देश में मां बिरासिनी शक्तिपीठ प्रसिद्ध है। मान्यता है कि जो यहां आता है , वह खाली हाथ नहीं जाता है। मां उसकी मनोकामना जरूर पूरी करती हैं। इसीलिए खासतौर पर नवरात्रि के समय पर यहां भीड़ हमेशा देखी जाती है।

नवरात्र में लगता है मेला
मां बिरासिनी शक्तिपीठ के आसपास नवरात्र में मेला लगता है। जो इस मंदिर की मुख्य आकर्षण का केंद्र माना जाता है। वहीं,मां बिरासिनी मंदिर की एक खास यह भी है कि यहां मां नौ अलग-अलग रूपों में अपने भक्तों को दर्शन देती हैं।

नाम बदलने की उठती रही मांग

बिरसिंहपुर पाली में मां बिरासिनी देवी शक्तिपीठ को ध्यान में रखते हुए इस शहर का नाम भी बिरासिनी धाम  रखने की मांग लंबे समय से हो रही है।

गए साल भाजयुमो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं रेलवे बोर्ड सलाहकार समिति के सदस्य डॉ अभिलाष पांडे पाली  पहुंचे तो स्थानीय युवाओं के एक दल ने उन्हें उक्त मांग को लेकर ज्ञापन भी सौंपा था।