मध्य प्रदेश में निजी वाहन अभी नहीं होंगे स्क्रैप
प्रदेश में अप्रैल से कंडम वाहनों को स्क्रैप करने की प्रक्रिया शुरू होगी। पहले चरण में चार हजार सरकारी वाहन स्क्रैप किए जाएंगे, हालांकि निजी वाहन स्वामियों को अभी और मोहलत मिलेगी। उन्हें कंडम वाहन स्क्रैप कराना है या नहीं, वे खुद तय करेंगे। फिलहाल वे 15 साल पुराने वाहनों के पंजीयन का नवीनीकरण भी करा सकेंगे। जबकि सरकारी वाहनों के लिए पंजीयन नवीनीकरण पर रोक लगा दी गई है। प्रदेश में 10 हजार सरकारी वाहनों के कंडम होने का अनुमान है। इनमें ज्यादातर वाहन नगरीय निकायों के हैं, जो लंबे समय से कबाड़ में पड़े हैं। हालांकि अभी चार हजार वाहनों की सूची तैयार की गई है, जिनको अप्रैल में स्क्रैप किया जाना है। जिन सरकारी वाहनों का हाल ही में पंजीयन नवीनीकरण कराया गया है, उन्हें भी स्क्रैप किया जाएगा। परिवहन विभाग ने अन्य सभी विभागों से 15 साल पुराने वाहनों की सूची मांगी है। विभागों को पत्र भेजा गया है। विभागों से वाहनों की सूची आने के बाद उन्हें भी क्रमबद्ध तरीके से स्क्रैप किया जाएगा।
स्टेट गैरेज में 25 कंडम वाहन
मंत्रियों और अधिकारियों की सेवा में रहने वाले 25 वाहन स्टेट गैरेज में कंडम हालत में लंबे समय से पड़े हैं। इन वाहनों को नीलाम करने की कोशिशें भी की गईं, पर अब ये काफी पुराने हो गए हैं। ऐसे में इन्हें भी स्क्रैप किया जाएगा।
ई-वाहन खरीदने पर विचार
सरकार पुराने वाहनों को स्क्रैप करके नए ई-वाहन खरीदने पर विचार कर रही है। इसे लेकर जल्द ही निर्णय लिया जा सकता है। अभी लोडिंग वाहनों को लेकर ही सोच-विचार चल रहा है। खासकर नगरीय निकायों में कचरा ढोने के लिए ई-वाहन कितने सफल होंगे। उस पर मंथन किया जा रहा है।