Police Holi:पुलिस मुख्यालय से लेकर पाली उमरिया थाने तक बरसा रंग,कलेक्टर को कीचड़ से किया लथपथ

13

भोपाल/पाली,उमरिया। हर तीज—त्योहार व आम दिनों में समाज की सुरक्षा का दायित्व निर्वहन करने वाले पुलिसकर्मी गुरुवार को खुद ऐसी वेशभूषा में रंगे नजर आए कि उन्हें पहचान पाना मुश्किल था।

कोई काला चश्मा पहने अलीराजपुर,झाबुआ के भगोरिया मेले की याद ताजा कर रहा था,भोपाल पुलिस आयुक्त मकरंद देउस्कर हाथ में पिस्तौल नुमा पिचकारी से अपने सहकर्मियों पर गुलाल बिखेरते रहे..।

क्या आईजी,एसपी या सिपाही और क्या महिला और क्या पुरुष कर्मी। हर कोई एक—दूसरे पर रंग—गुलाल उडेलता हुआ नजर आया। सीनियर,जूनियर और रैंक का आम दिनों में दिखने वाला फर्क होली की मस्ती में गुम नजर आया।

दरअसल,होली के दूसरे दिन प्रदेशभर के पुलिस अधिकारी,कर्मचारियों ने होली का त्योहार मनाया। पुलिस मुख्यालय से लेकर दूरस्थ जिला पाली,उमरिया के पुलिस कर्मी भी गुरुवार को होली के रंग से सराबोर नजर आए।

पुलिस कर्मियों ने ही आला अधिकारियों ने भी जमकर होली खेली,ऐसी कि इंदौर कलेक्टर टी इलैया राजा को तो जोन के पुलिस अधिकारियों ने कीचड़ में लिटाकर लथपथ कर दिया।​ ​

जबलपुर एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा, रीवा एसपी नवनीत भसीन ने भी स्टाफ के साथ डांस किया। उज्जैन में कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने जय-जय शिव शंकर, कांटा लगे, न कंकर… गाना गाया।

डीजीपी की मौजूदगी में गूंजे फाग गीत, जमकर उड़े रंग-गुलाल

राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान के कबड्डी ग्राउंड में गुरुवार को पुलिस मुख्यालय के होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीजीपी सुधीर कुमार सक्सेना ने प्रदेशभर के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को होली की शुभकामनाएं दी।

उन्होंने कहा कि होली का त्योहार पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी के कारण शांतिपूर्वक संपन्न हुआ है, जिससे जनता सौहार्दपूर्वक इस त्योहार को मना पाई।

इस अवसर पर स्पेशल डीजी सुधीर कुमार शाही, स्पेशल डीजी जी.पी. सिंह, एडीजी विजय कटारिया, एडीजी डी श्रीनिवास राव, एडीजी जी. जनार्दन, एडीजी साजिद फरीद शापू, एडीजी श्रीमती सुषमा सिंह और डीआईजी कृष्णावेणी देसावतु सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं पुलिस मुख्यालय के कर्मचारी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन निरीक्षक मृत्युंजय श्रीवास्तव ने किया।

रंगों की चमक कभी फीकी न हो : डीजीपी

डीजीपी श्री सक्सेना ने सभी पुलिस अधिकारियों, जवानों, समारोह में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों और सभी उपस्थित जन को होली की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि देश भक्ति और जनसेवा का मूल मंत्र अपनाकर हमारे निष्ठावान पुलिसकर्मी सदैव की भांति होली और शब-ए-बरात के अवसर पर भी पूर्ण तत्परता और मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहे।

उन्होंने अपनी कार्यकुशलता और मेहनत से इन त्योहारों को निर्विघ्न संपन्न करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी पुलिसकर्मियों के जीवन में खुशी, उत्साह, प्यार और संतुष्टि के रंग इस तरह भरे कि उनकी चमक कभी फीकी न हो, यही कामना है।

फाग गीतों की दी रंगारंग प्रस्तुति

होली मिलन समारोह में पुलिस की विभिन्न शाखाओं की फाग पार्टी ने प्रस्तुति दी। सबसे पहले एसटीएफ 25 बटालियन की फाग पार्टी में “केसरिया रंग डाले कन्हैया ने केसरिया रंग डाले है.. की प्रस्तुति हुई। इसके बाद 23वीं बटालियन की फाग पार्टी ने ”तूने कीन्हो जुलम रंग डार, रसिया होली में” गीत प्रस्तुत किया। रेडियो शाखा की ओर से ”मेरी चुनरी में पड़ गयो दाग री कैसो चटक रंग डारो”  गीत की प्रस्तुति दी।

25वीं वाहिनी के दल ने ”खेले मसाने में होली दिगंबर, खेले मसाने में होरी” गीत की प्रस्तुति दी। वहीं सातवीं वाहिनी के दल ने ”रंग लेके खेलते,  गुलाल लेके खेलते” गीत गाकर समां बांध दिया।

कार्यक्रम में पुलिस बैंड की मधुर धुनों ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।डीजीपी श्री सक्सेना ने  सभी लोक कलाकारों को पारितोषिक वितरित कर सम्मानित किया।

भोपाल,इंदौर में भी जमकर हुई मस्ती

भोपाल पुलिस लाइन में पुलिस कमिश्नर मकरंद देउस्कर ने साथियों के साथ डांस किया। ग्वालियर पुलिस लाइन में एडिशनल SP राजेश दंडोतिया (Photo) ने गाया- सारा जमाना हसीनों का दीवाना…।

इंदौर पुलिस ने भी खूब होली खेली। यहां एक दिन पहले अधिकारी कीचड़ की होली खेलते दिखे। इंदौर कमिश्नर पवन कुमार शर्मा और दूसरे अफसरों ने इंदौर कलेक्टर इलैया राजा टी को कीचड़ में ​​लिटाकर लथपथ कर दिया।

जबलपुर एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा, रीवा एसपी नवनीत भसीन ने भी स्टाफ के साथ डांस किया।

उज्जैन में कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने जय-जय शिव शंकर, कांटा लगे, न कंकर… गाना गाया। आईजी संतोष कुमार ने डांस किया।

उमरिया,पाली में उत्साह से मनाया होली पर्व

उमरिया जिले के पाली शहर के थानों में भी होली के दूसरे दिन पुलिसकर्मियों ने जमकर होली खेली।

इस दौरान पाली थाने के प्रभारी आरके धारिया सहित सभी पुलिसकर्मियों ने परस्पर रंग—गुलाल लगाकर एक—दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।

जिले के अन्य थानों में भी गुरुवार को होली का उत्साह देखा गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जमकर रंग—गुलाल उड़ाए ।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal