डिंडोरी यौन शोषण मामला: प्रकरण में लीपापोती पर एसपी को हटाया,टीआई लाइन अटैच

26

भोपाल। प्रदेश के डिंडोरी जिले के जुनवानी गांव में स्‍थित मिशनरी हायर सेकंडरी स्कूल में नाबालिग आदिवासी छात्राओं का यौन शोषण करने के मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सख्‍त कार्रवाई की। उन्‍होंने डिंडौरी एसपी संजय सिंह को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं।

इस मामले में मिशनरी स्‍कूल के आरोपित प्राचार्य नान सिंह यादव को थाने से रिहा करने पर थाना प्रभारी विजय पाटले को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। मुख्यमंत्री इस पूरे घटनाक्रम और पुलिस की लापरवाही से बेहद नाराज थे।

सीएम के निर्देश के बाद प्रदेश शासन के गृह विभाग द्वारा एसपी संजय सिंह के तबादले का आदेश जारी कर दिया गया। उन्‍हें पीएचक्‍यू भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक के तौर पर पदस्‍थ किया गया है।

लीपापोती में जुटी थी पुलिस

गौरतलब है कि नाबालिग आदिवासी छात्राओं के यौन शोषण के इस सनसनीखेज मामले में पुलिस शुरू से ही लीपापोती में जुटी थी। यही कारण रहा कि आरोपित प्राचार्य की गिरफ्तारी को सामान्य धाराओं का मामला बताकर थाने से रिहा कर दिया गया। जब रिहा किया गया था, उस समय खुद पुलिस अधीक्षक संजय सिंह ने थाना प्रभारी की कार्रवाई को जायज ठहराते हुए इसे कानून का पालन करना बताया था।

मामला सुर्खियों में आने के बाद राष्‍ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्‍यक्ष प्रियंक कानूनगो ने डिंडौरी पहुंचकर इस घटनाक्रम में पुलिस की लचर कार्रवाई को लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की थी। उन्‍होंने पुलिस और प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बैठक लेकर कलेक्टर सहित पुलिस अधीक्षक को कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए थे।

मामला तूल पकडने पर थाना प्रभारी को निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया,लेकिन प्राचार्य को छोडे जाने के मामले में पुलिस अधीक्षक स्तर से मिलीभगत सामने आने पर संजय सिंह को हटाया गया। संजय सिंह प्रदेश की कांग्रेस नेत्री रहीं सुश्री उर्मिला सिंह के भाई हैं।