विक्की दाहिया,पाली। उमरिया जिले के पाली थानान्तर्गत एनएच 43 क्षेत्र में एक दुकानदार के सथ कट्टा अड़ाकर लूट किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि इस दौरान अज्ञात लुटेरों ने एक गोली भी दागी लेकिन दुकानदार हमले में बाल-बाल बच गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार,34वर्षीय घनश्याम गुप्ता की रामपुर में हार्डवेयर की दुकान है। बीती रात वह दुकान में मौजूद थे, तब ही तीन नकाबपोश अज्ञात बदमाश उनकी दुकान में घुसे। उन्होंने कट्टा अड़ाकर दुकान के कैश बॉक्स में रखी रकम निकालकर देने को कहा।
गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उन्होंने जब रकम देने से इंकार किया तो बदमाशों में से एक ने उन पर गोली दागी,लेकिन उसका निशाना चूक गया। वह किसी तरह बाल-बाल बचे। गुप्ता ने कहा कि गोली चलने से वह दहशत में आ गए।
इसी दौरान बदमाशों ने मौका पाकर कैश बॉक्स् में रखे दस हजार रुपए नकद राशि निकाली व फरार हो गए। जाते— जाते वे उनका मोबाइल फोन भी लूट ले गए।
गुप्ता आज अलसुबह थाने पहुंचे और अपने साथ बीती रात हुई वारदात की जानकारी दी। गोली हाथ की अंगुली छूकर निकल जाने की शिकायत सामने आने पर पुलिस ने उनका चिकित्सा परीक्षण भी कराया। बाद में घटना स्थल का मौका मुआयना कर लोगों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक प्रमोद सिन्हा ने मीडिया से चर्चा में घटना की पुष्टि की।
उन्होंने कहा कि जिस तरह का घटनाक्रम सामने आया है। उसे देखते हुए प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जाएगी।बहरहाल,सघन बस्ती के बीच हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत व्याप्त है।
बदमाशों के हौसले बुलंद
शहर में चोर लुटेरों के हौंसले बुलंद हैं। इससे पहले गत 19 फरवरी की रात एक दर्जन से अधिक लोगों ने एसआईएसएफ के दो जवान अंकित जाट व संदीप लोधी पर प्राणघातक हमला कर दिया था। इसमें दोनों सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले शहडोल अस्पताल ले जाया गया। सिपाही अंकित की हालत अधिक गंभीर होने पर उसे जबलपुर रेफर करना पडा।
दरअसल,उक्त सिपाही सेंट जोसफ स्कूल के समीप स्थित कोयले की बंद तीन नंबर खदान की पहरेदारी पर तैनात थे। घटना दिनांक की रात चोरी की नीयत से हमलावर खदान पर पहुंचे थे। सुरक्षाकर्मियों ने इन्हें ललकारा तो उन्होंने प्राणघातक हमला बोल दिया।
बताया जाता है कि बंद खदान से सटा सूखा नाला है जो आगे चलकर पाली शहर को जोड़ता है। बताया गया है कि कबाड़ चोर इसी मार्ग का उपयोग कर बंद खदान से कबाड़ चोरी की वारदात को अंजाम देते रहे हैं। इससे पहले शहडोल में भी कोयले की एक बंद खदान में घुसे सात चोरों के शव पुलिस ने बरामद किए थे।(Main file Photo)