Wheat procurement: गेहूं विक्रय के पंजीयन कराने की उमरिया जिले में मंगलवार को अंतिम तारीख

16

पाली,उमरिया। Wheat procurement सरकारी उपार्जन प्रक्रिया में गेहूं विक्रय के लिए जिले के किसान मंगलवार तक अपना पंजीयन करा सकेंगे। प्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिए पंजीयन की प्रक्रिया गत 6 फरवरी को शुरू की गई थी। इसका मंगलवार 28फरवरी को अंतिम दिन है।

खादय विभाग के अधिकारिक सूत्रों के अनुसार,संबंधित किसान एमपी किसान एप,कियॉस्क ,सामान्य सेवा केंद्र,लोक सेवा केंद्र और सहकारी समितियों के माध्यम से पंजीयन करा सकेंगे। प्रदेश के खादय विभाग मुख्यालय की ओर से प्रदेशभर के पूर्व में पंजीकृत किसानों को इस बावत एसएमएस भेजकर अंतिम तिथि की सूचना भी दी है। यह सूचना किसान अपने मोबाइल के मैसेज इन बॉक्स में भी देख सकते हैं।

2125 रुपए प्रति क्विंटल है गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य

ज्ञात हो कि केंद्र सरकार ने वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य  प्रति क्विंटल 2125 रुपए तय किया है। विगत रबी खरीफ मौसम में पंजीकृत किसानों को रबी विपणन वर्ष 2023-24 में पंजीयन के लिए दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं होगी, केवल निर्धारित प्रारूप में आवेदन करना होगा।

अधिकृत जानकारी अनुसार, पंजीयन में परिवर्तन , संशोधन की आवश्यकता होने पर दस्तावेज प्रमाण स्वरूप पंजीयन केंद्र पर लोने होगे एवं बैंक खाता परिवर्तन की दशा में बैंक पासबुक की छायाप्रति लानी होगी। वनाधिकार पट्टाधारी सिकमीदार किसानों को वन पट्टा एवं सिकमी अनुबंध की प्रति उपलब्ध करानी होगी।

अनुबंध की एक प्रति तहसील कार्यालय में जमा करानी होगी। ऐसे किसानों को समिति, विपणन संस्था द्वारा संचालित केन्द्रों पर पंजीयन कराना होगा। पंजीयन में भूमि रकबा एवं बोई गई फसल की जानकारी राजस्व अभिलेख (खसरा) से ली जाएगी।

देनी होगी आधार से बैंक खाता लिंक की छायाप्रति

किसानों को आधार नंबर से लिंक बैंक खाते की छायाप्रति उपलब्ध करानी होगी। पंजीयन में आसानी और तुंरत भुगतान के लिए बैंक खाता को आधार नंबर से लिंक आवश्यक रूप से कराने की बात कही गई है। पंजीयन में सुविधा की दृष्टि से कृषक अपने सभी खसरे को आधार नंबर से लिंक कराए।