उमरिया। बंद कोयला खदानों में चोरी करने वालों के हौंसले बुलंद है। बीती रात जिले की बंद खदान में चोरी की नीयत से पहुंचे दर्जनभर अज्ञात हमलावरों ने खदान सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के दो जवानों पर चाकू.कुल्हाडी से जानलेवा हमला बोल दिया। हमले में एक जवान की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार,वारदात बीती रात बिरसिंहपुर पाली की है। हमलावर चोरी के मकसद से आए थे। उन्होंने सुरक्षा में तैनात जवान संजीव लोधी और अंकित जाट पर हमला कर घायल कर दिया। जवानों को बिरसिंहपुर पाली अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत होने पर अंकित जाट को शहडोल रेफर कर दिया गया। जवान संजीव लोधी ने बताया कि 10-12 लोग आए और चाकू, कुल्हाड़ी से हमला किया। शहडोल में मारे गए थे 7 लोग
ज्ञात हो कि जनवरी के अंतिम सप्ताह में शहडोल की बंद खदान में सात लोग मृत पाए गए थे। पुलिस प्रशासन का दावा है कि ये संभवतया चोरी की नीयत से ही खदान में घुसे और दम घुटने के कारण मारे गए। कबाड के कारोबार से जुडे सूत्र
सूत्रों का दावा है कि बंद पडी खदानों में चोरी की बडी वजह जिले में फलता.फूलता कारोबार है।
एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र में बंद पड़ी धनपुरी भूमिगत खदान में सात लोगों के शव मिलने के बाद पुलिस ने जिले के कुछ कबाडियों के यहां छापे भी डाले थे। लेकिन इसके बाद पुलिस व प्रशासन की कार्रवाई सुस्त पड गई। सूत्रों का दावा है कि बंद पडी खदानों में पुरानी मशीनों के कबाड की चोरी का यह धंधा लंबे अरसे से जारी है। इसमें जिम्मेदार लोगों की मिलीभगत से भी इनकार नहीं किया जा सकता। सात लोगों की मौत के बाद पुलिस द्वारा शिकंजा कसे जाने व बंद खदानों की सुरक्षा बढाए जाने से ही इस धंधे में लिप्त लोगों की बौखलाहट बढ गई। बीती रात हुआ हमला इसी की परिणिति माना जा रहा है।