भोपाल। कटनी की निर्दलीय महापौर प्रीति सूरी ने फिर से बीजेपी का दामन थाम लिया है। उन्होंने भोपाल स्थिति प्रदेश भाजपा के दफ्तर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली।
इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, बीजेपी विधायक संजय पाठक मौजूद रहे। प्रीति की वापसी से भाजपा कटनी में मौजूद होगी। कटनी भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के संसदीय क्षेत्र का भी हिस्सा है।
प्रीति सूरी ने 6 महीने पहले नगर निगम चुनाव में भाजपा की ओर से टिकट नहीं मिलने पर पार्टी से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ा था। प्रीति सूरी ने 45648 वोट पाकर 5 हजार से ज्यादा वोटों से भाजपा प्रत्याशी ज्योति दीक्षित को हराकर जीत हासिल की थी। इसके पहले कटनी पिछले 10 सालों से भाजपा का कब्जा था। वहीं यहां के 45 वार्डों में से 27 पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। वहीं 15 वार्डों पर कांग्रेस का कब्जा है।
मुख्यमंत्री बोले, भाजपा प्रीति का परिवार
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, भाजपा विकास की पर्याय है। प्रीति जी का यह परिवार था। वह फिर से अपने परिवार में शहर के बेहतर विकास के लिए आ रही हैं। मैं उनका हृदय से स्वागत करता हूं। हम सभी का संकल्प अपने प्रदेश को आगे बढ़ाना है।
भाजपा बड़े हृदय की पार्टी: वीडी
वीडी शर्मा ने कहा, कटनी में अगर एक भी विकास की ईंट लगाई है, तो बीजेपी ने लगाई। महापौर प्रीति सूरी के जीतने के बाद पहले दिन ही तय कर लिया था कि कटनी के विकास को अवरुद्ध नहीं होने देंगे। कटनी को ऊंचाइयों पर ले जाने का काम करेंगे। भाजपा बड़े हृदय का परिवार है। सामान्य घटनाएं होती रहती हैं। हमारी महापौर भी विकास की नई ऊंचाइयों की छूएंगी।
प्रीति सूरी ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मेयर का चुनाव जीतने के बाद मीडिया से चर्चा में कहा था कि इतनी बड़ी पार्टी मुझे लेने क्यों आएगी? मैंने भी इस मामले में कुछ सोचा नहीं है। इसके 6 महीने बाद ही उनकी भाजपा में वापसी हो गई है। जबकि, भाजपा ने उनको 6 साल के लिए निष्कासित किया था। कटनी खजुराहो संसदीय क्षेत्र का हिस्सा
कटनी नगर निगम क्षेत्र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के संसदीय क्षेत्र में आता है, इस लिहाज से कटनी नगर निगम महापौर पद पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई थी। तब महापौर की दौड़ में भाजपा की हार से पार्टी को झटका लगा था। हालांकि अब भाजपा ने प्रीति सूरी को फिर से अपने पाले में लगाकर डैमेज कंट्रोल करने की कोशिश की है।
प्रीति सूरी भाजपा में कई पदों पर रही हैं। बागी होकर चुनाव लड़ने के ऐलान पर पार्टी ने उन्हें 6 साल के लिए निलंबित कर दिया था। फोटो मेयर पद पर जीत के बाद प्रमाण पत्र लेने के दौरान का है। वह वर्ष 2009 में पार्षद चुनी गई थीं।समाज सेवा के क्षेत्र में प्रीति सूरी कटनी में एक बडा नाम है। इसका लाभ नगर निगम चुनाव में उन्हें मिला।
मुख्यमंत्री शिवराज और सिंधिया ने किया था भाजपा का प्रचार
प्रीति सूरी की राजनीतिक ताकत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को भाजपा उम्मीदवार ज्योति दीक्षित को जिताने मैदान में उतरना पड़ा था। इसके बावजूद प्रीति ने ज्योति को हराया था। ज्योति के पति विपिन रेत कारोबारी हैं और उनकी छवि दबंग नेता की रही है।