अजब-गजब: जब मटका ले ‘आत्मा’ लेने अस्पताल जा पहुंचा परिवार

मंदसौर। जिला अस्पताल में सोमवार को एक अजीबो -गरीब मामला आया। अस्पताल पहुंचे एक परिवार ने कर्मचारियों से 8 साल पहले अस्पताल में मृत अपने घर की एक महिला सदस्य की आत्मा वापस करने की मांग कर डाली। अंत में वे कथित आत्मा को वापस लेकर ही लौटे। खास बात यह कि जिला अस्पताल से इस तरह आत्मा ले जाने का यह आठवां मामला है।

हुआ यूँ कि चित्तौड़गढ़ राजस्थान का एक परिवार सोमवार को जिला अस्पताल पहुंचा। परिवार के सदस्यों ने पहले अस्पताल कर्मचारियों से आठ साल पहले चिकित्सालय में ही मृत अपने परिवार की एक महिला की आत्मा वापस करने की मांग की।

परिवार की मांग सुन हक्के -बक्के कर्मचारियों ने परिवार को समझाने -बुझाने की लाख कोशिश की। लेकिन वे नहीं मानें। बाद में परिवारजनों ने अस्पताल परिसर में ही धूनी रमाई। इसके बाद शुरू हुई तंत्र – मंत्र की प्रक्रिया।

जब उन्हें भरोसा हो गया कि मृतका की आत्मा उनके लाये मटके में प्रवेश कर गई। इसके बाद ही वे वापस लौटे। इस दौरान समूचा अस्पताल प्रशासन अंध -विश्वास के इस खेल को मूक दर्शक बना देखता रहा।

आठ साल पहले अस्पताल में हुई थी महिला की मौत
इस परिवार के सदस्यों का कहना था हमारे परिवार की महिला सुशीलादेवी की आत्मा अस्पताल में ही थी, हम उनकी आत्मा को लेने आए है।

आत्मा लेने आए लोगों ने ही बताया की आठ साल पहले जिला अस्पताल में सुशीलादेवी की मृत्यु हो गई थी, सोमवार को सुशीलादेवी के पुत्र श्रवण के साथ परिवारजन आत्मा लेने के लिए यहां आए।कुछ देर उन्होंने तंत्र-मंत्र किया और आत्मा को साथ में ले जाने का दावा कर यहां से चले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *