भोपाल, खजूरी सड़क थाना क्षेत्र स्थित गांव बैरागढ़ कला में बुधवार सुबह कर्ज और आर्थिक तंगी से जूझ रहे ठेकेदार पत्नी और चार मासूम बच्चों को जहर खिलाकर खुद भी जहर खा लिया। सभी का हमीदिया अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। थाना प्रभारी संध्या मिश्रा ने बताया कि बैरागढ़ कलॉ गांव निवासी किशोर जाटव ( 40 ) निर्माणाधीन मकानों में सेंटिंग का ठेका लेता था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटियां व एक बेटा है। बुधवार सुबह करीब चार बजे डायल 100 को सूचना मिली थी कि किशोर जाटव ने अपनी पत्नी सीता जाटव ( 35 ) व बेटी कंचन ( 15 ), बेटा अभय ( 12 ), बेटी अन्नू ( 10 ) और पूर्वा (8) जहरीला पदार्थ खिलाकर खुद भी जहर खा लिया है। इसके बाद सभी को एम्बुलेंस की मदद से हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर पूरे परिवार को इलाज जारी है। इस घटना का पता चलते ही डीसीपी विजय खत्री भी हमीदिया अस्पताल पहुंच गए थे। जहर खाने वाले किशोर जाटव, उसकी पत्नी व बच्चों के बयान नहीं हो सके है। जिससे जहर खाने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। हालांकि ठेकेदार के भाई रमेश जाटव ने पुलिस को बताया है कि उसका काम-काज ठीक नहीं चल रहा था, जिसके कारण परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था।
















