जयपुर, एजेंसी। जैन तीर्थस्थल सम्मेद शिखर के लिए एक और जैन मुनि ने अपने प्राण त्याग दिए। गुरुवार देर रात 1 बजे मुनि समर्थ सागर का निधन हो गया। चार दिन में ये दूसरे संत हैं, जिन्होंने अपनी देह त्याग दी। आज सुबह जैसे ही संत के देह छोड़ने की जानकारी मिली बड़ी संख्या में जैन समुदाय के लोग मंदिर पहुंचने लगे। हालांकि कल ही शाम सरकार ने सम्मेद शिखर को पर्यटन स्थलों की सूची से हटाने की जैन समुदाय की मांग मान ली थी। संत की डोल यात्रा संघीजी मंदिर से विद्याधर नगर तक निकाली गई। जयपुर के सांगानेर स्थित संघीजी दिगम्बर जैन मंदिर में समर्थसागर जी तीन दिन से आमरण अनशन कर रहे थे। इससे पहले सम्मेद शिखर को पर्यटन स्थल घोषित किए जाने के विरोध में इसी मंदिर में जैन मुनि सुज्ञेयसागर महाराज 3 जनवरी को प्राण त्यागे थे।
















