नीतीश कुमार की यात्रा पर प्रशांत किशोर की भविष्यवाणी, कहा- एडवांस में लिख लीजिए, अप्रिय घटनाएं होंगी

 पटना 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत बिहार सरकार के 31 मंत्ऱियों ने अपनी संपत्ति की घोषणा कर दी है। वर्ष 2022 के अंतिम दिन शनिवार को इसका ब्योरा बिहार सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर सार्वजनिक की गई है। इसके मुताबिक संपत्ति के मामले में सीएम नीतीश कुमार से ज्यादा समृद्ध उनके कई मंत्री हैं। मुख्यमंत्री के पास जहां 12 गायें और दस बाछा-बाछी हैं वहीं, दिल्ली के द्वारका में एक फ्लैट है। उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के छह बैंक खातों में 65 लाख जमा हैं। राज्य सरकार के मंत्रियों में तीन के पास 10 करोड़ से अधिक की संपत्ति है। वहीं, महिला मंत्री में शीला कुमारी और उनके पति के पास छह करोड़ से अधिक की संपत्ति है।

मुख्यमंत्री के पास 12 गाय, दिल्ली में फ्लैट
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास 16 लाख 68 हजार की चल और 58 लाख 85 हजार की अचल संपत्ति है। चल संपत्ति में नकद 28,135, बैंक में 50 हजार और एक लाख चार हजार 600 की ज्वेलरी भी है। 12 गायें और दस बाछा-बाछी हैं। 11 लाख 32 हजार की एक कार है। दिल्ली के द्वारका में एक फ्लैट है, जिसकी कीमत खरीदते समय 13.78 लाख थी, जिसकी बाजार कीमत अभी बढ़कर 58 लाख 85 हजार हो गई है। उनके पास यह एक मात्र अचल संपत्ति है। 13 हजार की एक एक्सरसाइज साइकिल है।

तेजस्वी यादव के पास चार करोड़ से अधिक की संपत्ति
उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के पास 75 हजार नकदी तो उनकी पत्नी राजश्री के पास सवा लाख है। बैंक से कोई लोन नहीं है। छह बैंक खातों में तेजस्वी के पास 65 लाख जमा है। बॉंड, शेयर में पांच लाख 38 हजार जमा है। तेजस्वी के पास 200 ग्राम सोना है, जबकि राजश्री के पास 480 ग्राम सोना व दो किलो चांदी है। पटना व गोपालगंज में खेती की जमीन है। लगभग सवा दो करोड़ की गैरकृषि योग्य भूमि है।

वित्तमंत्री के पास एक मारुति ऑल्टो कार
वित्त, वाणिज्यकर व संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी के पास महज 80 हजार मूल्य की एक मारुति ऑल्टो कार है, जबकि उनके पास 50 हजार के ही जेवरात हैं। पति-पत्नी के पास क्रमश 41.36 लाख तथा 38.85 लाख रुपए चल संपत्ति है। नकद के मामले में मंत्री जी (25 हजार) से चार गुणा श्रीमती जी (1 लाख) के पास है। 52 लाख कीमत की कृषि योग्य भूमि है। पति-पत्नी के पास क्रमश 67 व 73 लाख की अचल संपत्तियां हैं।

लेसी सिंह के पास डेढ़ करोड़ की जमीन
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह के पास 2.65 लाख रुपये कैश और बैंकों में करीब 15 लाख जमा हैं। फॉर्चुनर, बोलेनो, टाटा ट्रक समेत पांच गाड़ियां हैं, जिनकी कीमत 54 लाख से अधिक है। बेटा डेढ़ लाख की बुलेट पर चलता है। एक करोड़ से अधिक की अचल संपत्ति है। एक रायफल और एक 12 बोर की बंदूक भी है। जमीन के करीब 10 प्लॉट हैं, जिनकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ है।

शिक्षा मंत्री के पास 4.50 बीघा जमीन
शिक्षा मंत्री डॉ. चन्द्रशेखर को  राइफल का शौक है। इनके पास 1.96 करोड़ की संपत्ति है। इसमें 91 लाख रुपए की चल जबकि 1.05 करोड़ की अचल संपत्ति है। राइफल के अलावा फार्चूनर और स्कार्पियो गाड़ी भी है। पटना के सगुना मोड़ में 55 लाख का एक प्लैट और मधेपुरा में 4.50 बीघा कृषि भूमि है।

अनिता के पास 1.24 करोड़
पिछड़ा-अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री अनिता देवी के पास कुल 1.24 करोड़ की संपत्ति है। इसमें चल और अचल संपत्ति शामिल है। इनके पास 24 लाख की चल जबकि 1 करोड़ की अचल संपत्ति है। पास में स्कॉर्पियो गाड़ी व 175 ग्राम सोना है। 10.64 एकड़ कृषि भूमि है जिसकी कीमत 1 करोड़ है। इसके अलावा रोहतास में एक पुराना घर है।

मदन सहनी के पास 3 चार पहिया वाहन
समाज कल्याण मंत्री के पास 2.58 करोड़ की संपत्ति है। इसमें 96 लाख की चल और 1.62 करोड़ की अचल संपत्ति है। इसमें पत्नी और दोनों बच्चों की संपत्ति भी शामिल हैं। इनके पास स्कॉर्पियो, टाटा इंडिगो और एमजी हेक्टर गाड़ी है।