G-20 समिट से पहले दिल्ली को सजाने की तैयारी, नए शौचालय बनाएगी MCD…पेड़ों पर होगी लाइटिंग

 नई दिल्ली 
 अगले साल होने वाले G-20 शिखर सम्मेलन से पहले दिल्ली नगर निगम (MCD) राष्ट्रीय राजधानी स्थित अपने पांच जोन (क्षेत्रों) में नए शौचालय बनवाएगा और पुरानों की मरम्मत करवाएगा। अधिकारियों ने बताया कि सम्मेलन की तैयारियों के तहत MCD ने दिल्ली में पार्कों का सौंदर्यीकरण करने, पेड़ों पर लाइट लगाने और कई स्थानों पर जनकला स्थापित करने का फैसला भी किया है। MCD ने एक बयान में बताया कि नए सामुदायिक शौचालय परिसरों (CTC) और सार्वजनिक शौचालयों (PT) के निर्माण और पुराने शौचालयों के मरम्मत कार्य को तेज कर दिया गया है।
 
निगम ने कहा कि एमसीडी के पांच जोन (करोल बाग, दक्षिण, मध्य, शाहदरा दक्षिण और सिटी एसपी) में शौचालयों का निर्माण एवं मरम्मत कार्य किया जाएगा, क्योंकि इन क्षेत्रों को वहां बड़ी संख्या में पहुंचने वाले पर्यटकों के लिहाज से महत्ववपूर्ण स्थानों के रूप में चिह्नित किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इन सभी पांच जोन उपायुक्तों को नए सीटीसी और पीटी के निर्माण के लिए जगहों तथा पुरानों सीटीसी और पीटी की मरम्मत से संबंधित ब्योरा अनुमानित लागत के साथ देने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि सभी नए सीटीसी और पीटी आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे।
 

अधिकारियों के मुताबिक, इन पांच जोन में अब तक करीब 42 स्थानों की पहचान की गई है और अलग-अलग जोन की जरूरतों के हिसाब से इस सूची में और नई जगहें जोड़ी जाएंगी। उन्होंने कहा कि MCD के सात अन्य जोन में भी सीटीसी और पीटी के निर्माण पर बल दिया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, मार्च 2023 में G-20 देशों के विदेश मंत्रियों की होने वाली बैठक से पहले इस कार्य को पूरा कर लेने का लक्ष्य तय किया गया है।
 
भारत ने एक दिसंबर को सालभर के लिए G-20 समूह की अध्यक्षता संभाली है। देश में 55 स्थानों पर G-20 की 200 से अधिक बैठकें होंगी। 9-10 सितंबर 2023 को नयी दिल्ली में G-20 नेताओं का शिखर सम्मेलन होगा। G-20  समूह में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्किये, ब्रिटेन, अमेरिका और यूरोपीय संघ शामिल हैं। 

See also  बरेली के मिलक अलीनगर में तालाब में डूबने से 3 बच्चों की मौत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *