सीएम भूपेंद्र पटेल के साथ 20 कैबिनेट मंत्री भी लेंगे शपथ, गुजरात में 12 को लगातार 7वीं बार सरकार बनाएगी BJP

अहमदाबाद 

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 12 दिसंबर को गुजरात में लगातार सातवीं बार सरकार बनाने के लिए तैयार है। भूपेंद्र पटेल 20 अन्य कैबिनेट मंत्रियों के साथ दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। गुजरात की 182 विधानसभा सीट में से 156 सीट पर विजय हासिल करके भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। भाजपा ने गुजरात विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद अपनी नई सरकार के गठन से पहले गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को राज्यपाल आचार्य देवव्रत को अपना इस्तीफा सौंप दिया। सीएम पटेल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल, गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ऋषिकेश पटेल, गुजरात के मुख्य सचेतक पंकज देसाई के साथ शुक्रवार दोपहर 12 बजे के करीब सरकार का इस्तीफा देने राजभवन पहुंचे थे। राज्यपाल ने सरकार का इस्तीफा स्वीकार कर लिया।

आज होगी विधायक दल की बैठक
विधायक दल के नेता को चुनने के लिए भाजपा शनिवार को सुबह 10:30 बजे गांधीनगर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय 'कमलम' में अपने नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक करने वाली है, जिसके बाद नेता दोपहर करीब 2 बजे राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा। विधायक दल का नेता ही अगला मुख्यमंत्री बनेगा और पटेल का फिर से मुख्यमंत्री बनना तय माना जा रहा है। भूपेंद्र पटेल 12 दिसंबर को लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के नेतृत्व वाले राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, उसी दिन यानी सोमवार को भूपेंद्र पटेल के साथ लगभग 20 कैबिनेट मंत्री भी शपथ लेंगे और अगले ही दिन अपने-अपने कार्यालयों का कार्यभार संभाल लेंगे।

See also  देश में कोरोना के 24 घंटे में आये 3615 नए केस , 5 हजार लोग हुए रिकवर

भाजपा ने 156 सीटें जीतकर बनाया रिकॉर्ड
भाजपा ने गुजरात विधानसभा चुनाव में 156 सीटें जीतकर भारी बहुमत से जीत दर्ज की, जो कि 1960 में राज्य के गठन के बाद किसी भी पार्टी द्वारा जीती गई सीटों की सबसे बड़ी संख्या है। इस बार कांग्रेस ने जहां 17 सीटें हासिल कीं है, वहीं 'आप' ने 5 और 1 सीट सपा और 3 सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों के हिस्से में आई हैं। 1960 में इस राज्य की स्थापना के बाद से गुजरात में भाजपा की लगातार सातवीं विधानसभा चुनाव जीत सबसे बड़ी जीत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के गृह राज्य में बीजेपी ने चुनावी प्रदर्शन के पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। घाटलोडिया सीट से चुनाव लड़े गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने भी लगभग 1,92,000 वोटों के रिकॉर्ड अंतर से जीत हासिल कर इतिहास रच दिया है। घाटलोडिया निर्वाचन क्षेत्र ने गुजरात को इसके दो मुख्यमंत्री – आनंदीबेन पटेल और वर्तमान मुख्यमंत्री दिए हैं। आम आदमी पार्टी (आप) के सीएम उम्मीदवार इसुदान गढ़वी खंभालिया सीट से भाजपा उम्मीदवार हरदासभाई बेरा से 19,000 वोटों से हार गए। गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी ने भी माजुरा निर्वाचन क्षेत्र से 1,16,000 के अंतर से जीत हासिल की है। 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *