तंगहाली से जूझते निगम में डेढ़ करोड़ की फूल मालाएं और 50 लाख की सब्जी-पूड़ी का टेंडर पास

भोपाल

पैसों की तंगी से परेशान नगर निगम ‘स्ट्रीट लाइट’ का बिल नहीं भर पा रहा है, इसके चलते शहर के कई इलाके पिछले 12 दिन से अंधेरे में हैं। लेकिन नेताओं के लिए डेढ़ करोड़ की फूल मालाएं जरूर खरीदी जाएंगी, इसके लिए टेंडर निकाले गए हैं।  दूसरी ओर 50 लाख का एक टेंडर सब्जी-पूड़ी के लिए निकाला गया है। इसमें भी एक बड़ी खामी सामने आई है।

राजधानी में दो साल बाद शहर सरकार चुनकर आने के बाद अब तेजी से खर्च करने में जुट गई है। बताया जा रहा है कि नगर निगम प्रशासन ने बीते दिनों हार, फूल-मालाओं की व्यवस्था के लिए डेढ़ करोड़ रुपए का टेंडर जारी किया है। दो साल यानी 24 महीने के लिए यह टेंडर जारी हुआ है। ऐसे में औसतन हर महीने सवा छह लाख रुपए की फूल-मालाएं नेताओं की आव-भगत में खर्च होंगे। अब सवाल यह है कि जब निगम के पास स्ट्रीट लाइट का बिल चुकाने के लिए बजट नहीं है तो यह फिजूलखर्ची क्यों?

फिजूलखर्ची के खिलाफ महापौर
महापौर मालती राय ने पदभार संभालते ही फिजूलखर्ची पर लगाम लगाने के निर्देश अधिकारियों को दिए थे। सूत्रों के अनुसार इस मामले में भी महापौर रोक लगा सकती हैं।

50 लाख की सब्जी-पूड़ी में सवाल
नगर निगम ने पिछले दिनों 50 लाख रुपए की सब्जी-पूड़ी सप्लाई के लिए निविदाएं निकाली हैं, जो जरूरत अनुसार उपयोग में लाई जाएंगी।  
अब यह सवाल: इस टेंडर में यह उल्लेख नहीं है कि एक पैकेट में कितनी पूड़ियां और कितनी सब्जी होगी।  यह भी उल्लेख नहीं है कि एक पैकेट कितने रुपए का होगा।  ऐसे में टेंडर पर सवाल उठ रहे हैं कि क्या किसी चहेते सप्लायर को देने के लिए यह बात छिपाई गई है।

See also  एनआरआई विद्यार्थियों को MD-MS करने पर मिलेगी 16 लाख की छूट

हो चुका है विवाद
नगर निगम में फूल मालाओं के टेंडर को लेकर पहले भी विवाद होते रहे हैं।  क्योंकि फूल मालाओं की सप्लाई का टेंडर अधिकतर समय एक भाजपा नेता के पास रहा।  इस बार भी डेढ़ करोड़ के फूल मालाओं के टेंडर पर सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *