राहुल के स्वागत में MLA सुरेंद्र सिंह 24 किमी में रेड कार्पेट और फूल बिछाएंगे

 बुरहानपुर
भारत जोड़ो यात्रा 20 नवंबर को मध्यप्रदेश में प्रवेश करेगी। इसे लेकर कांग्रेस पूरी तैयारी में जुटी है। यह यात्रा महाराष्ट्र से बुरहानपुर के रास्ते एमपी में प्रवेश करेगी। बुरहानपुर एमपी का छोटा जिला है। वहीं, सियासी दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण है। पूरी पार्टी चुनाव की तैयारी में जुट गई है। कांग्रेस के नेता लगातार बुरहानपुर का दौरा कर रहे हैं। वहीं, बुरहानपुर से कांग्रेस के विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा कुछ अलग अंदाज में स्वागत की तैयारी में जुटे हैं। सुरेंद्र सिंह शेरा के विधानसभा क्षेत्र से राहुल गांधी की यात्रा गुजरेगी।

बुरहानपुर विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा ने कहा कि हमारे विधानसभा क्षेत्र के 24 किमी एरिया से राहुल गांधी की यात्रा गुजरेगी। हमने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। राहुल गांधी के लिए हम अपने विधानसभा क्षेत्र में रेड कार्पेट और फूल बिछाएंगे। इसके लिए हमने प्रशासन से अनुमति मांगी है। साथ ही प्रदेश कांग्रेस कमिटी से भी अनुमति मांगी है। अनुमति मिलने के बाद हम इसकी तैयारी में जुट जाएंगे।

सुरेंद्र सिंह शेरा ने कहा कि गांधी परिवार से हमारा परिवार तीन पीढ़ी से जुड़ा है। इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी बुरहानपुर आ चुके हैं। इंदिरा गांधी यहां खुली जीप में बैठकर चुनाव प्रचार करते थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का आशीर्वाद हमारे परिवार को मिलेगा। यात्रा को बुरहानपुर में सफल बनाने के लिए सुरेंद्र सिंह शेरा लगातार अपने क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं।

See also  पनडुब्बी भ्रष्टाचार मामला: नौसेना के वर्तमान और पूर्व अधिकारियों पर मुकदमा चलाने की मंजूरी

गौरतलब है कि बुरहानपुर जिले में विधानसभा की एक सीट है। इस सीट पर ठाकुर सुरेंद्र सिंह का कब्जा है। वह निर्दलीय विधायक हैं। हालांकि खुलकर वह कांग्रेस के समर्थन में रहते हैं। कमलनाथ के कार्यकाल में वह बाहर से सरकार का समर्थन कर रहे थे। इसके साथ ही सुरेंद्र सिंह शेरा मुखर होकर अपनी बात रखते हैं। खंडवा लोकसभा उपचुनाव के दौरान उन्होंने अपनी पत्नी के लिए पार्टी से टिकट की मांग की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *