सिक्किम में हफ्ते भर से लगातार बारिश; भूस्खलन के चलते फंसे 550 पर्यटक, रेस्क्यू के लिए बुलाई गई सेना

गंगटोक
सिक्किम में भारी बारिश के चलते हुए भूस्खलन में 550 पर्यटक फंस गए हैं। स्ट्राइकिंग लायन डिवीजन के ट्रूप्स की ओर से इन्हें सहायता मुहैया कराई जा रही है। भारतीय सेना की त्रिशक्ति कोर के अधिकारियों ने बताया कि फंसे हुए पर्यटकों को भोजन दिया गया है। साथ ही जिनकी तबीयत ठीक नहीं है, उन तक दवाएं पहुंचाई गई हैं। मौसम अभी भी काफी खराब है। लोगों को सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां भी दी जा रही हैं।

राज्य में पिछले एक सप्ताह से लगातार बारिश होने से भूस्खलन के कारण राजधानी गंगटोक और उसके आसपास के इलाकों में नलजल आपूर्ति प्रभावित हो गई है। साथ ही सड़कों के क्षतिग्रस्त हो जाने से उत्तरी सिक्किम जिले में विभिन्न स्थानों पर पर्यटक फंस गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार वर्षा जारी रहने की संभावना है। इस हिमालयी राज्य के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

और भूस्खलन होने की आशंका
अधिकारियों के अनुसार, सिलीगुड़ी होते हुए भारत-बांग्लादेश सीमा व गंगटोक को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को पूर्वी जिले के सिंगताम और पाकयोंग जिले के रांगपो के बीच नुकसान पहुंचा है। यह राजमार्ग सिक्किम और पश्चिम बंगाल को जोड़ता है। उन्होंने बताया कि मलबा हटाने का काम प्राथमिकता के आधार पर चल रहा है। भारी वर्षा के कारण राजमार्ग के इस हिस्से की स्थिति काफी खराब है। यहां कभी भी और भूस्खलन होने की आशंका है।

See also  कश्मीर में आतंकियों ने अब बंगाल के मजदूर को मारी गोली, तलाश में जुटे सुरक्षा बल

पानी की पाइप लाइनों को पहुंचा नुकसान
अधिकारियों ने बताया कि राते चू में भीषण भूस्खलन होने के कारण पानी की पाइप लाइनों को नुकसान पहुंचा है। साथ ही ग्रेटर गंगटोक में जलापूर्ति प्रभावित हुई है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जलापूर्ति बहाल करने के लिए मरम्मत कार्य चल रहा है, लेकिन इसे पूरा होने में और 2 दिन लग सकते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *