फतेहाबाद
आगरा के फतेहाबाद में शुक्रवार रात पिढ़ौरा निवासी एक युवक का अपहरण हो गया। युवक ने खुद ही अपने अपहरण का ड्रामा रचा था। पुलिस ने 24 घंटे से पहले उसे खोज निकाला। प्रारंभिक छानबीन में अपहरण के ड्रामे के पीछे कई कारण निकलकर आ रहे हैं। एक वजह यह भी है कि युवक की प्रेमिका की शादी तय हो गई। हालांकि युवक यह वजह नहीं बता रहा है। वह अपहरण के ड्रामे की वजह पारिवारिक विवाद बता रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
घटना रात करीब दस बजे की है। पिढ़ौरा के गांव मडियनपुरा निवासी 23 वर्षीय पंकज शर्मा हैदराबाद में बिजली मिस्त्री है। अपने घर आया हुआ है। चचेरे भाई ऋषि कुमार के साथ बाइक से कैलादेवी (राजस्थान) गया था। शुक्रवार की रात ऋषि ने पुलिस को पंकज के अपहरण की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। ऋषि ने बताया कि वे चौहान ढाबे पर रुके थे। वह खाने का ऑर्डर देने लगा। पंकज यह बोलकर गया कि शौच को जा रहा है। जब पंकज लौटकर नहीं आया तो उसे चिंता हुई। इसी बीच पंकज ने उसे फोन किया। बताया कि उसका अपहरण हो गया। ईको सवार बदमाश उठाकर ले जा रहे हैं। ऋषि के अनुसार वह घबरा गया।
बाइक से आस-पास बदमाशों की तलाश की मगर कोई सुराग नहीं मिला। उसके बाद पुलिस को सूचना दी। प्रारंभिक छानबीन के बाद ही पुलिस को अंदाजा हो गया था कि घटना अपहरण की नहीं है। पंकज शर्मा के मोबाइल से लगातार परिवार के सदस्यों को व्हाट्स एप मैसेज किए जा रहे थे। अपहरण रात करीब दस बजे हुआ था। व्हाट्स एप मैसेज रात साढ़े बजे तक किए गए थे। बदमाश ऐसा क्यों करेंगे। इसी सवाल ने मामले को संदिग्ध बना दिया था।