तमिलनाडु BJP यूनिट का प्लान- PM मोदी के जन्मदिन पर पैदा होने वाले बच्चों को मिलेगी सोने की अंगूठी

चेन्नई

भारतीय जनता पार्टी की तमिलनाडु यूनिट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर नवजात बच्चों को सोने की अंगूठी देने का फैसला लिया है। इस मौके पर अन्य योजनाओं में 720 किलोग्राम मछली बांटना भी शामिल है। मत्स्य पालन और सूचना व प्रसारण राज्य मंत्री एल मुरुगन ने कहा, 'हमने चेन्नई स्थित सरकारी RSRM हॉस्पिटल को चुना है जहां पीएम के जन्मदिन पर पैदा होने वाले सभी बच्चों को सोने की अंगूठी दी जाएगी।'

अंगूठी बांटने के कार्यक्रम में आने वाले खर्च को लेकर मुरुगन से सवाल किया गया। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि हर एक अंगूठी करीब 2 ग्राम सोने की होगी, जिसकी कीमत 5000 रुपये के आसपास हो सकती है। उन्होंने कहा कि यह मुफ्त में दी जाने वाली रेवड़ी नहीं है। बल्कि, हम इसके जरिए प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर पैदा होने वालों का स्वागत करना चाहते हैं। बीजेपी की लोकल यूनिट का अनुमान है कि इस अस्पताल में 17 सितंबर को 10-15 बच्चों का जन्म हो सकता है।

720 किलो मछली बांटने की तैयारी
दक्षिणी राज्य इस मौके पर एक और अनूठी योजना लेकर आया है। मत्स्य मंत्री ने कहा, '720 किलो मछली बांटने के लिए मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के निर्वाचन क्षेत्र को चुना गया है। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY) योजना का मकसद मछली की खपत को प्रोत्साहित करना है। इसलिए, हम यह कदम उठा रहे हैं। हां, हम जानते हैं कि पीएम शाकाहारी हैं। दरअसल, मोदी इस बार 72 साल के हो रहे हैं इसलिए 720 के आंकड़े को चुना गया है।'

See also  रोहित, दिनेश और अश्विन को युवाओं के लिए जगह खाली करना चाहिए -मोंटी पनेसर

दिल्ली में विशेष दौड़ का अयोजन
वहीं, प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर दिल्ली भाजपा 17 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर तक 'सेवा पखवाड़े' मनाएगी। इस दौरान स्वास्थ्य जांच और रक्तदान शिविर आयोजित करने समेत अन्य कार्यक्रम होंगे। दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने बताया कि इस मौके पर विशेष दौड़ का अयोजन किया जाएगा, जिसमें झुग्गी-झोंपड़ी के लोग हिस्सा ले सकेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस दौड़ को 18 अक्टूबर को हरी झंडी दिखएंगे। इसमें शहर की मलिन बस्तियों के लगभग 10,000 बच्चे और युवा दौड़ में हिस्सा लेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *