मुंबई।
महाराष्ट्र में कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगने वाला है। दिग्गज नेता अशोक चव्हाण गुरुवार को गणेश दर्शन के लिए वर्ली स्थित मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के ओएसडी आशीष कुलकर्णी के घर पहुंचे थे। यहां उन्होंने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी मुलाकात की थी। इस बात की संभावना जताई जा रही है कि वह कभी भी भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम सकते हैं। हाल के दिनों में भगवा खेमे के पदाधिकारियों के साथ उनकी निकटता दिखी है। इसके अलावा वह कांग्रेस के बागी गुट जी-23 के भी सदस्य हैं। उन्होंने हाल ही में कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले गुलाम नबी आजाद से भी मुलाकात की थी।
महाराष्ट्र में सत्ता परिवर्तन से पहले हुए राज्यसभा और एमएलसी चुनावों में आशीष कुलकर्णी ने एक रणनीतिकार के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। कुलकर्णी शिवसेना सुप्रीमो बाल ठाकरे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी दोनों के साथ ही कुछ समय के लिए काम कर चुके हैं। महाराष्ट्र भाजपा के उपाध्यक्ष से पहले उन्होंने शिवसेना और कांग्रेस के साथ भी मिलकर काम किया था।
अशोक चव्हाण ने अटकलों को किया खारिज
हालांकि, अशोक चव्हाण का कहना है कि वह जल्द ही दिल्ली में भारत जोड़ो कांग्रेस की रैली में भाग लेंगे। उन्होंने भाजपा में शामिल होने की सभी अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है। न्यूज चैनल एबीपी से बात करते हुए चव्हाण ने कहा, "जब देवेंद्र फडणवीस पहुंचे तो मैं भी आशीष कुलकर्णी के घर गणेश दर्शन के लिए पहुंचा था। कई मेहमानों की मौजूदगी में हमारी सौहार्दपूर्ण मुलाकात हुई। इस तरह का निष्कर्ष निकालना गलत है।"