Swiggy Instamart पर यूजर्स ने सालभर में मंगाये 20 लाख सैनिटरी नैपकिन्स और 570 गुना अधिक कंडोम

नई दिल्ली
 आजकल लोग तेजी से ग्रोसरी सर्विस प्लेटफॉर्म (Grocery Service Platform) के जरिए ऑनलाइन सामान मंगा रहे हैं। सब्जियों से लेकर अंडे हो, कंडोम हों या सैनिटरी नैपकिन, सब कुछ ऑनलाइन ही मंगाया जा रहा है। इन ग्रोसरी प्लेटफॉर्म पर आ रहे ऑर्डर्स देखकर एकबारगी आप चौंक जाएंगे। स्विगी इंस्टामार्ट (Swiggy Instamart) ने जून 2021 से जून 2022 के बीच 90 लाख से अधिक यूजर्स को सेवाएं प्रदान की हैं। यह बताता है कि कैसे क्विक कॉमर्स की डिमांड बढ़ रही है। यह डिमांड बेंगलुरु, मुंबई, हैदराबाद, दिल्ली और चेन्नई जैसे मेट्रो सिटीज से सबसे अधिक आ रही है।

ऑनलाइन कंडोम मंगाने में मुंबई वाले सबसे आगे
ग्राहक क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स (Quick Commerce Platform) के जरिए हेल्थकेयर प्रोडक्ट्स भी मंगा रहे हैं। स्विगी इंस्टामार्ट पर कंडोम (Condoms) ऑर्डर करने में मुंबई वाले सबसे आगे रहे। मुंबई वालों ने पिछले 12 महीनों में 570 गुना अधिक कंडोम ऑर्डर किए। पिछले एक साल में इंस्टामार्ट पर करीब 20 लाख सैनिटरी नैपकिन्स, मेन्स्ट्रुअल कप और टैम्पॉन के ऑर्डर आए।

दो साल में डिलीवर किए 5 करोड़ अंडे
इस क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म ने पिछले दो वर्षों में 5 करोड़ अंडे (Eggs) डिलीवर किये हैं। जून 21 से जून 22 के बीच बेंगलुरु, दिल्ली और मुंबई शहरों में अंड़ों के लिए सबसे अधिक ऑर्डर आए। इन तीनों शहरों में से हर एक से औसतन 60 लाख अंडों के ऑर्डर आए। रिपोर्ट के अनुसार, बेंगलुरु और हैदराबाद के ग्राहकों ने नाश्ते के लिए सबसे अधिक अंड़ों के ऑर्डर दिए। जबकि मुंबई, जयपुर और कोयंबटूर के लोगों ने डिनर के समय सबसे अंड़ों के सबसे अधिक ऑर्डर दिए।

See also  डॉलर के मुकाबले फिर से बुरी तरह टूटा रुपया, पहली बार पहुंचा 83 के पार

डिनर टाइम में ये प्रोडक्ट किये ऑर्डर
जून 2021 से जून 2022 के बीच लोगों ने नूडल्स भी जमकर ऑर्डर किए। स्विगी इंस्टामार्ट ने बेंगलुरु, दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और चेन्नई में इंस्टेंट नूडल्स के 56 लाख से अधिक पैकेट डिलीवर किए। इस प्लेटफॉर्म पर रेडी-टू-ईट उपमा और पोहा भी काफी लोकप्रिय प्रोडक्ट थे। बेंगलुरु, मुंबई और दिल्ली वालों ने डिनर टाइम में ये प्रोडक्ट्स सबसे अधिक ऑर्डर किए।

चाय-कॉफी के ऑर्डर्स में 2,000 फीसदी का इजाफा
पेय पदार्थों के ऑर्डर्स में भी पिछले साल भारी इजाफा हुआ है। चाय और कॉफी दोनों के ऑर्डर्स में 2,000 फीसदी का उछाल आया है। वहीं, दूध के 3 करोड़ ऑर्डर आए। बेंगलुरु और मुंबई वालों ने सुबह के समय सबसे अधिक ऑर्डर किए। डेयरी आइटम में टॉप थ्री प्रोडक्ट रेगुलर मिल्क, फुल क्रीम मिल्क और टोंड मिल्क थे।

रात 10 बजे बाद आइसक्रीम के ऑर्डर
लोगों ने गर्मी से निजात पाए के लिए आइसक्रीम भी खूब ऑर्डर की। अप्रैल से जून के बीच आइसक्रीम के ऑर्डर्स में 42 फीसदी का उछाल आया। मेट्रो सिटीज में आइसक्रीम के ऑर्डर रात 10 बजे के बाद सबसे अधिक आए। गर्मियों के दौरान हैदराबाद में तापमान अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। यही कारण था कि यहां के लोगों ने 27,000 से अधिक ज्यूस की बोतलें ऑर्डर कीं।

See also  धूमधाम से मनाएंगे जनजातीय गौरव दिवस: मुख्यमंत्री चौहान

फलों के लिए भी ऑनलाइन ऑर्डर
मेट्रो सिटीज के लोग फलों के ऑर्डर करने में भी काफी आगे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, बेंगलुरु दिल्ली और मुंबई के लोगों ने कीवी, हरे सेब, आयातित हरे नाशपाती, एवोकैडो और ड्रैगन फ्रूट के खूब ऑर्डर दिए। बेंगलुरु इस लिस्ट में सबसे ऊपर है। यहां के लोगों ने 1,200 टन से अधिक जैविक फल और सब्जियां खरीदीं।

सिर्फ एक रुपये का ऑनलाइन ऑर्डर
स्विगी इंस्टामार्ट पर सबसे अधिक बिल 11,535 रुपये का रहा। वहीं, सबसे कम राशि का बिल केवल एक रुपये का था। यह ऑफर्ड और डिस्काउंट का लाभ लेने के बाद था। पिछले साल बाथरूम क्लीनर, स्क्रब पैड, ड्रेन क्लीनर आदि के करीब 2 लाख से अधिक ऑर्डर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *