गुलाम नबी ने आखिरकार खुद को ‘आजाद’ कर ही लिया : ज्योतिरादित्य सिंधिया

नई दिल्ली
 दिग्गज नेता गुलाम नबी आजाद ने शुक्रवार को कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा देकर पार्टी को बड़ा झटका दिया. इस बीच, कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को देश की सबसे पुरानी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इस राजनीतिक उथल-पुथल का होना बहुत पहले से तय था. पूर्व केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद के कांग्रेस पार्टी से अपने पांच दशक पुराने संबंध खत्म करने के एक दिन बाद केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आखिरकार गुलाम नबी ने भी खुद को ‘आजाद’ कर ही लिया.

कांग्रेस को 2020 में अलविदा कह भाजपा में शामिल हुए सिंधिया ने शनिवार को ग्वालियर में पत्रकारों से कहा, “जहां तक कांग्रेस की बात है यह तो कई महीनों और सालों (वर्षों) से स्पष्ट है कि उसकी अंदरूनी स्थिति क्या है. मैं भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता हूं और सकारात्मक सोच और विचारधारा के साथ विकास और प्रगति में लगा हूं, लेकिन जरूर कहीं न कहीं अंत में गुलाम नबी जी भी स्वयं ‘आजाद’ हो चुके हैं.”

आजाद ने शुक्रवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता समेत सभी पदों से इस्तीफा दे दिया तथा नेतृत्व पर आंतरिक चुनाव के नाम पर पार्टी के साथ बड़े पैमाने पर ‘धोखा’ करने का आरोप लगाया. इस बीच, नागर विमानन मंत्री ने अपनी पहचान भाजपा कार्यकर्ता के रूप में बताते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण के लिए काम कर रहे हैं. सिंधिया शनिवार को ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने ग्वालियर पहुंचे हैं.

See also  आने वाले समय में भारत दुनिया का सबसे मजबूत देश बनकर उभरेगा: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *