भोपाल।
राजधानी भोपाल अगले 10 दिनों तक अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी के रोमांच की गवाह बनेगी।
छह देशों की दिग्गज टीमें एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी।
गुरुवार (19 नवंबर) से शुरू हो रही मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 में
भारतीय टीम की निगाहें घरेलू मैदान पर खिताबी प्रदर्शन करने पर रहेंगी।
इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
सभी छह देशों की टीमें भोपाल पहुंच चुकी हैं।
19 से 28 नवंबर तक चलने वाले इस टूर्नामेंट के लिए आयोजन स्थल पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पहले दिन से ही मैदान पर दिखेगी एशियाई प्रतिद्वंद्विता

टूर्नामेंट के पहले दिन तीन मुकाबले खेले जाएंगे। शुरुआती मैच में दोपहर 12:15 बजे चीन और
थाईलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे जापान और दक्षिण कोरिया के बीच मुकाबला होगा।
भारतीय टीम शाम 4:45 बजे मलेशिया के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी।
इस मुकाबले के बाद शाम 6:30 बजे प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा।
पहली बार महिला हॉकी के अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी
भोपाल के खेल इतिहास में यह प्रतियोगिता खास जगह बनाने जा रही है।
शहर में इससे पहले वर्ष 2009 में वर्ल्ड सीरीज हॉकी का आयोजन हो चुका है।
ऐशबाग स्टेडियम भी लंबे समय तक राष्ट्रीय स्तर के पुरुष हॉकी मुकाबलों का केंद्र रहा है।
हालांकि, महिला हॉकी के अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी भोपाल पहली बार कर रहा है।
ऐसे में यह आयोजन राजधानी की खेल पहचान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मजबूत करने का अवसर भी है।
विश्व रैंकिंग में चीन सबसे आगे, भारत दूसरे नंबर पर
