सीलिंग के खिलाफ भोपाल में उफना व्यापारी आक्रोश: बैरिकेड्स पर धक्का-मुक्की, थाली-शंख बजाकर सरकार को ‘सद्बुद्धि’ की पुकार

भोपाल में सीलिंग कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों का उग्र प्रदर्शन, बैरिकेडिंग हटाने पर पुलिस से धक्का-मुक्की; थाली, शंख और डमरू बजाकर सरकार से कार्रवाई रोकने की मांग, बड़े आंदोलन की चेतावनी।

भोपाल।(9826019364)

नगर निगम रहवासी इलाकों में व्यवसायिक गतिविधियों के खिलाफ सीलिंग अभियान चला रहा है।

निगम की इस कार्रवाई ने  मंगलवार को भोपाल के व्यापारियों का गुस्सा भड़का दिया।

कार्रवाई के विरोध में भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के बैनर तले व्यापारी न्यू मार्केट से मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच करने निकले।

लेकिन रोशनपुरा चौराहे के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उनका रास्ता रोक दिया।

इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव बढ़ गया।

धक्का-मुक्की के बीच ​गिरे प्रदर्शनकारी

कुछ व्यापारियों ने बैरिकेड्स हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की।

पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।

इस दौरान धक्का-मुक्की हुई और कुछ कारोबारी जमीन पर गिर गए।

हालांकि, किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

प्रदर्शनकारियों ने शंख व डमरू भी बजाए

व्यापारियों ने ‘तानाशाही बंद करो’ के नारे लगाए।

वहीं सरकार की ‘सद्बुद्धि’ के लिए थाली, शंख और डमरू भी बजाए गए।

प्रदर्शन में एक व्यापारी महात्मा गांधी के गेटअप में भी पहुंचा।

इधर, एसीपी अखिल पटेल ई-रिक्शा पर चढ़कर व्यापारियों को समझाने का प्रयास करते नजर आए।

इसके बावजूद प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री से मिलने की मांग पर अड़े रहे।

उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन देने से भी इनकार कर दिया।

                                                                 शव बनकर सड़क पर लेटा एक प्रदर्शनकारी

आश्वासन नहीं, कार्रवाई बंद होनी चाहिए

प्रदर्शन करीब चार घंटे चला।

बाद में एसडीएम अर्चना शर्मा के आश्वासन पर कारोबारी माने।

उन्होंने प्रदर्शन खत्म करने की घोषणा की।

हालांकि, सभी व्यापारी इस फैसले से संतुष्ट नहीं दिखे।

उनका साफ कहना था कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं चाहिए।

नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई पूरी तरह बंद होनी चाहिए।

प्रदर्शन चलता रहा, सीलिंग भी जारी रही

रोशनपुरा में व्यापारी प्रदर्शन कर रहे थे,

वहीं दूसरी ओर नगर निगम की कार्रवाई जारी रही।

सुबह करीब 9 बजे कोहेफिजा क्षेत्र में चाय लीला कैफे समेत होटल, बुक शॉप और बैकरी पर कार्रवाई की गई।

कुछ संचालकों ने कार्रवाई से पहले ही अपने प्रतिष्ठान स्वेच्छा से बंद कर दिए।

उधर, करोंद क्षेत्र में भी व्यापारी सड़क पर उतर आए और सीलिंग के विरोध में नारेबाजी की।

मास्टर प्लान लागू करने की मांग

भोपाल व्यापारी महासंघ संघर्ष समिति के अध्यक्ष आनंद सोनी ने कहा-

सीलिंग की कार्रवाई ने व्यापारियों को सड़क पर उतरने के लिए मजबूर कर दिया है।

उन्होंने कार्रवाई तत्काल बंद करने और मास्टर प्लान लागू करने की मांग उठाई।

वहीं भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष गोविंद गोयल ने नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि व्यापारी पुलिस के डंडे खा रहे हैं और अपना पसीना बहा रहे हैं।

गोयल ने सुप्रीम कोर्ट के 12 अगस्त के आदेश का हवाला देते हुए कहा-

राज्य सरकारें अपनी भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार निर्णय ले सकती हैं।

बड़े आंदोलन की चेतावनी

व्यापारियों ने चेतावनी दी कि मंगलवार के प्रदर्शन में भोपाल के 10 प्रतिशत व्यापारी भी शामिल नहीं हुए थे।

उनका कहना है कि यदि सीलिंग कार्रवाई नहीं रुकी, तो पूरे शहर का व्यापारी सड़क पर उतरेगा

और आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा।

जाटखेड़ी रोड के कारोबारी भी नाराज

इधर,मिसरोद थानान्तर्गत जाटखेड़ी रोड पर भी हनुमान नगर क्षेत्र के कारोबारियों में भी आक्रोश है।

बताया जाता है कि नगर निगम टीम ने हाल ही में हनुमान नगर क्षेत्र के कारोबारियों को सीलिंग के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी है।

SEO Keywords:

भोपाल सीलिंग कार्रवाई, व्यापारी प्रदर्शन भोपाल,

रहवासी इलाके कमर्शियल एक्टिविटी, भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स,

रोशनपुरा प्रदर्शन, नगर निगम सीलिंग, CM हाउस कूच