भोपाल(9826019364)।
मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अगले पांच महीने बेहद अहम रहने वाले हैं।
कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने सितंबर से दिसंबर 2026 के बीच 12 बड़ी भर्ती परीक्षाओं का संभावित कैलेंडर जारी किया है।
इसके तहत पुलिस आरक्षक, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, कृषि विस्तार अधिकारी, उपयंत्री और उपनिरीक्षक समेत 19,062 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी।
वहीं, सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर करीब 1.50 लाख सेवारत शिक्षकों की पात्रता परीक्षा (TET) भी इसी अवधि में आयोजित होगी।
Exam_schedule_2026_060826
सितंबर से दिसंबर तक भर्ती परीक्षाओं की श्रृंखला
संशोधित संभावित परीक्षा कैलेंडर के अनुसार ESB चार महीनों में विभिन्न विभागों की 12 भर्ती परीक्षाएं आयोजित करेगा।
इनमें पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा अक्टूबर में प्रस्तावित है।
इसके अलावा पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, नगरीय प्रशासन और अन्य विभागों के रिक्त पदों पर भी चयन प्रक्रिया होगी।
हालांकि मंडल ने स्पष्ट किया है कि यह संभावित कैलेंडर है।
अंतिम परीक्षा तिथियां, अभ्यर्थियों की संख्या और प्रशासनिक परिस्थितियों के अनुसार तय की जाएंगी।
डेढ़ लाख शिक्षकों की TET भी कराएगा ESB

भर्ती परीक्षाओं के साथ-साथ प्राथमिक और माध्यमिक स्तर के करीब 1.50 लाख कार्यरत शिक्षकों की शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) भी सितंबर-अक्टूबर में कराई जाएगी।
स्कूल शिक्षा विभाग ने इसकी जिम्मेदारी ESB को सौंपी है।
यह परीक्षा सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित होगी।
लंबे समय से पात्रता विवाद में उलझे शिक्षकों के लिए यह परीक्षा महत्वपूर्ण मानी जा रही है,
क्योंकि इसका असर उनकी सेवा और भविष्य पर पड़ सकता है।
आधिकारिक सूचना पर रखें नजर
ESB ने अभ्यर्थियों से कहा है कि अन्य अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित नजर रखें।
विभिन्न परीक्षाओं के विस्तृत नोटिफिकेशन जल्द जारी किए जाएंगे।

FSL भर्ती का परिणाम भी घोषित
इधर, मध्यप्रदेश राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) भर्ती-2026 का अंतिम परिणाम भी जारी कर दिया गया है।
MP Online पर घोषित रिजल्ट में 97 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।
चयनित उम्मीदवारों में 19 प्रयोगशाला तकनीशियन, 28 प्रयोगशाला सहायक और 50 प्रयोगशाला परिचारक शामिल हैं।
पांच महीने में पूरी हुई चयन प्रक्रिया
इन पदों पर भर्ती को जनवरी 2026 में मंजूरी मिली थी।
मार्च में विज्ञापन जारी हुआ और जून में लिखित परीक्षा आयोजित की गई।
सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद अगस्त में अंतिम चयन सूची जारी कर दी गई।
अब दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच के बाद चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाएगी।