कोलार बांध अभी भी 43 प्रतिशत है खाली

103

 भोपाल
 प्रदेश में औसत से 20 प्रतिशत और भोपाल में 93 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है। फिर भी भोपाल शहर की आधी आबादी की प्यास बुझाने वाला कोलार बांध 43 प्रतिशत खाली है। यही हाल प्रदेश के अन्य प्रमुख बांधों के हैं। वे 25 से 80 प्रतिशत ही भर पाए हैं। वैसे वर्षा का दौर अभी चलेगा लेकिन मानसून कमजोर पड़ा, तो बांधों का भरना मुश्किल हो जाएगा, जो अगले साल पेयजल और सिंचाई के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है।( उल्लेखनीय है कि प्रदेश में एक जून से 21 जुलाई की सुबह साढ़े आठ बजे तक औसत से 18 प्रतिशत ज्यादा वर्षा रिकार्ड की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पूर्वी मध्य प्रदेश में औसत से सात प्रतिशत कम, तो पश्चिमी मध्य प्रदेश में औसत से 47 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश में अब तक 335.5 मिली मीटर वर्षा होनी थी और 403.9 मिली मीटर हो चुकी है। ऐसे ही भोपाल में 342.7 मिमी होनी थी और 660.1 मिमी हो चुकी है।