भोपाल
मौसम विभाग ने इंदौर, धार, रतलाम, उज्जैन, देवास, छिंदवाड़ा में अगले 24 घंटे में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। रीवा, शहडोल, जबलपुर, भोपाल, नर्मदापुरम और उज्जैन में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मानसून का ब्रेक अब खत्म होने को है। रविवार शाम रायसेन में 40km प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली और फिर तेज बारिश हुई। चंदन पिपलिया गांव में दीवारों में पानी बैठने से कच्चा घर गिर गया। दबने से 3 भाई-बहनों के साथ उनके चाचा की मौत हो गई। चार बच्चे भी घायल हुए हैं, जिन्हें सिलवानी सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
शिवपुरी में पिछोर थाना इलाके के डबियाकला गांव में बिजली गिरने से कथावाचक की मौत हो गई। 6 से ज्यादा घायल हैं। अलीराजपुर की ग्राम पंचायत दूधलवाट में बिजली गिरने से पेड़ के नीचे खड़े 5 बकरों की मौत हो गई। तेज हवा-पानी में घरों के छप्पर उड़ गए।
अरब सागर में मानसून एक्टिविटी तेज होने से रविवार को प्रदेश के कई शहरों में बादल छाए और कुछ शहरों में हल्की से तेज बारिश हुई। छिंदवाड़ा में बादल फटने जैसी स्थिति बनी। यहां तेज बहाव में बुलडोजर बहते-बहते बचा। बड़वानी और खरगोन में भी तेज बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गए। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि इंदौर में सोमवार को भारी बारिश हो सकती है। इंदौर संभाग के अधिकांश इलाकों में बारिश की संभावना है। भोपाल में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। आज से चक्रवातीय घेरा बनने लगेगा। अभी अरब सागर और झारखंड में चक्रवातीय घेरा है।















