उमरिया : जन प्रचार की पहल पर प्रशासन ने असहाय लावारिस वृद्धा को पहुंचाया अस्पताल

18

पाली,विक्की दाहिया। नवरात्रि के पावन मौके पर जिला प्रशासन ने जिला मुख्यालय में एक असहाय व लावारिस भटक रही वृद्धा को वन स्टॉप सेंटर में दाखिल कराया। यहां वृद्धा के उपचार के साथ ही उसकी काउंसलिंग की जा रही है। जन​ ​प्रचार को खबर मिली थी कि उमरिया के वार्ड क्रमांक बीस में एक अज्ञात वृद्धा बीते तीन दिनों से सड़क पर रहकर गुजारा कर रही है।

वृद्धा की दयनीय हालत देख मोहल्ले के लोग उसे दो वक्त का खाना दे देते हैं। वृद्धा का स्वास्थ्य भी ठीक नहीं है और वह विक्षिप्त स्थिति में है। यही नहीं ​, ​पूछताछ में वह अपना नाम ​,​पता भी नहीं बता पा रही है।

इस सूचना पर जन प्रचार ने आज सुबह जिला कलेक्टर कृष्ण देव त्रिपाठी से वृद्धा के इस तरह लावारिस तरीके से दिन बिताने की जानकारी साझा की । श्री त्रिपाठी ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया। उनके​ ​निर्देश पर जिला महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी भरत सिंह राजपूत ने कार्यवाही करते हुए एक टीम को वार्ड बीस में रवाना किया।

टीम के सदस्यों ने वृद्धा से पूछताछ की और उसकी स्थिति को देखते हुए  उसे तत्कालविभाग के वन स्टॉप सेंटर पहुंचाने का निर्णय लिया। श्री राजपूत ने बताया कि सेंटर में वृद्धा की स्वास्थ्य जांच के साथ ही उसके खानपान की व्यवस्था एवं काउंसलिंग कार्य भी शुरू किया गया है।

उन्होंने बताया ,कि  वृद्धा अपना नाम ,पता नहीं बता पा रही है। मोहल्ले में पूछताछ के दौरान ज्ञात हुआ कि कोई अज्ञात व्यक्ति तीन दिन पहले अपनी मोटरसाइकिल पर लेकर वहां आया था और वृद्धा को अकेला छोड़ लापता हो गया।

राजपूत ने बताया कि वृद्धा के परिजनों का पता लगाने का प्रयास जारी है । वन स्टॉप सेंटर में वृद्धा को अगले पांच दिन रखा जाएगा।

इस दौरान भी यदि उनके परिजनों का ठिकाना नहीं मिलता है तो वृद्धा को वृद्धाश्रम या पुनर्वास केंद्र में रखा जाएगा ताकि उनकी बेहतर तरीके से देखभाल हो सके।

श्री राजपूत ने कहा कि वृद्धा की स्थिति को देखते हुए उनके उपचार व देखभाल के समुचित इंतजाम किए गए हैं।

जिला प्रशासन की सर्वत्र सराहना
नवरात्र के पावन अवसर पर जिला कलेक्टर कृष्ण देव त्रिपाठी(In photo) द्वारा की गई इस पहल की सर्वत्र सराहना हो रही है।श्री त्रिपाठी ने अल​ ​सुबह यह सूचना मिलते ही इस पर संज्ञान लिया व संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मैदानी अमले को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद ही जिला महिला एवं बाल विकास अमला  सक्रिय हुआ और वृद्धा को राहत प्रदान की गई।