कन्‍नड़ सिनेमा के दिग्‍गज ऐक्‍टर सतीश वज्र उनके घर में हत्‍या, खून से सनी मिली लाश

61

फिल्‍म इंडस्‍ट्री को एक और बड़ा झटका लगा है। कन्‍नड़ सिनेमा के दिग्‍गज ऐक्‍टर सतीश वज्र की खून से सनी लाश उनके घर से बरामद हुई है। सतीश बेंगलुरु के आरआर नगर में रहते थे। बताया जा रहा है कि सतीश की किसी अज्ञात शख्‍स ने हत्‍या कर दी है। अभी तीन महीने पहले ही सतीश की पत्‍नी ने भी आत्‍महत्‍या कर अपनी जान दे दी थी। जाहिर तौर पर इस खबर ने जहां कन्‍नड़ फिल्‍म इंडस्‍ट्री को झकझोर कर रख दिया है, वहीं फैन्‍स का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस को शक है कि सतीश की हत्‍या उनकी पत्‍नी के भाई ने की है। लिहाजा, उसकी तलाश हो रही है।

Sathish Vajra जिस घर में रहते थे, उसके मकान मालिक ने फ्लैट से खून निकलते हुए देखा था। उसी ने पुलिस को खबर दी। बाद में घर के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया। पुलिस जब मौका-ए-वारदात पर पहुंची तो सतीश की लाश फ्लैट के फ्लोर पर पड़ी हुई थी। पुलिस ने तत्‍काल लाश को अपने कब्‍जे में ले लिया और उसे पोस्‍टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

सतीश के घर लौटते ही अज्ञात लोगों ने किया हमला
कर्नाटक के मांड्य जिला के रहने वाले सतीश वज्र ने 'लागोरी' फिल्‍म से डेब्‍यू किया था। उन्‍होंने सपोर्टिंग रोल्‍स में खूब पॉप्‍युलैरिटी बटोरी थी। आरआर नगर में वह अपने परिवार के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि यह घटना रविवार की है। सतीश जैसे ही घर लौटे, दो अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया। इसी दौरान धारदार हंसिया से उनकी हत्‍या की गई और फिर हत्‍यारे वहां से फरार हो गए।

परिवार की मर्जी के ख‍िलाफ जाकर की थी शादी
सतीश वज्र ने परिवार के ख‍िलाफ जाकर शादी की थी। न तो उनके और न ही पत्‍नी के परिवार वाले इस शादी से खुश थे। दोनों परिवारों में इस बात को लेकर कलह की स्‍थ‍िति थी। समझा जाता है कि इसी कारण उनकी पत्‍नी ने भी तीन महीने पहले आत्‍महत्‍या कर ली थी। आशंका जाहिर की जा रही है कि बहन की मौत का बदला लेने के लिए सतीश के साले ने ही उन पर हमला किया और हत्‍या कर दी। पुलिस फिलहाल सतीश के साले और उनके ससुराल वालों की तलाश कर रही है।